Headlines

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के स्कूल को उड़ाया, काबुल बोला- जवाब जरूर मिलेगा


पाकिस्तान ने 72 घंटे बाद अफगानिस्तान के तीन प्रांतों पर तड़के सुबह साढ़े चार बजे एक साथ एयरस्ट्राइक की है. जहां पहली एयरस्ट्राइक पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के रेगिस्तानी इलाक़े में स्थित इमारतों पर की, जिसमें धमाका इतना तेज़ था कि पूरे इलाक़े में आग का गुबार उठ गया और धमाके की बेहद तेज़ आवाज़ पूरे पूरे शहर में सुनाई दी.

कंधार के अलावा पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के ख़ोश्त प्रांत के गुरबुज़ ज़िले और पक्तिया प्रांत में भी आम शहरियों के कच्चे मकानों को निशाना बनाया जिसमें खोश्त प्रांत के गुजबूज ज़िले में स्थित मकान मलबे में तब्दील हो गए और 4 लोगों की मौत हो गई. पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में पक्तिया प्रांत के भी रिहायशी मकानों पर बमबारी की गई हालांकि फ़िलहाल यहां पर किसी के मारे जाने की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

खोश्त प्रांत में स्कूल में किया ड्रोन हमला

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खोश्त प्रांत में स्थित एक स्कूल पर भी ड्रोन से हमला किया. ड्रोन स्कूल के जिस हिस्से पर गिरा था, वो क्षतिग्रस्त हो गया और हमले के बाद हर तरफ़ कांच ही कांच फैले हुए हैं.

पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की निंदा करते हुए अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बयान जारी करते हुए कहा कि “अफगानिस्तान इन अंधाधुंध और कायरतापूर्ण हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करता है”.

उन्होंने यह भी कहा कि “हम इसे सभी सिद्धांतों के विरुद्ध खुला उल्लंघन, स्पष्ट आक्रमण और अपराध करार देते हैं. साथ ही अफगानिस्तान अपने लोगों को आश्वस्त करता है कि पाकिस्तानी सैन्य शासन के इन बेशर्म आक्रमणों और हमलों के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाते हुए उचित जवाब दिया जाएगा.”

पाकिस्तान ने कहा आत्मरक्षा में किया हमला

पाकिस्तान की सरकार ने बयान जारी करते हुए दावा किया की कल अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में ड्रोन अटैक करने की कोशिश की थी, जिसके बाद पाकिस्तानी एयर डिफेंस ने खोश्त में ही अफगान ड्रोनों को मार गिराया. ऐसे में आत्मरक्षा के लिए आज पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के 10 स्थानों पर एयरस्ट्राइक की है.

पाकिस्तान के दावे का खंडन करते हुए जबीउल्लाह मुजाहिद ने कल पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के ड्रोन हमले को अफ़वाह बताते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने आक्रमण और अत्याचार को सही ठहराने के लिए झूठा दावा कर रहा है.

साथ ही पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना, लापरवाह और नफरत भरी कार्रवाइयां निश्चित रूप से अफगान जनता के गुस्से को भड़काती हैं. जिसके पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों के लिए गंभीर परिणाम होंगे. पिछले साल सितंबर से अब तक पाकिस्तान की बार-बार अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक में 572 अफगान नागरिक मारे जा चुके हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *