Headlines

एक्सीडेंट के बाद जापानी दुकानदार ने जीता भारतीय लड़की का दिल, वीडियो वायरल


जापान में रहने वाली एक भारतीय लड़की के साथ बारिश के दौरान सड़क दुर्घटना हो गई, जिससे उसका कंधा चोटिल हो गया और आईफोन की स्क्रीन भी टूट गई. लेकिन इस हादसे के बाद उसके साथ जो हुआ, उसने इस दुखद घटना को एक बेहद खूबसूरत और दिल छू लेने वाली याद में बदल दिया. जब एक जापानी साइकिल दुकानदार ने बिना एक भी रुपया लिए उसकी साइकिल मुफ्त में ठीक कर दी, तो भारतीय लड़की ने भी बदले में जो किया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया. इंसानियत और अपनापन दिखाने वाली यह अनोखी कहानी अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रही है.

बारिश में फिसली साइकिल, चोट और नुकसान से परेशान हुई सोनम

यह कहानी सोनम मिढा नाम की एक भारतीय युवती की है, जो जापान में रहती हैं. सोनम ने खुद इंस्टाग्राम पर अपना यह अनुभव शेयर किया है. उन्होंने बताया कि एक दिन बारिश के दौरान काम पर जाते वक्त उनकी साइकिल अचानक फिसल गई. इस हादसे में उनके कंधे में काफी चोट आई, महंगा आईफोन टूट गया और साइकिल का हैंडल भी मुड़ गया. ऑफिस पहुंचकर किसी तरह उन्होंने सहकर्मी से बैंड-एड लिया और दर्द से जूझते हुए लंच ब्रेक में साइकिल ठीक कराने पास की एक दुकान पर पहुंचीं.

दुकानदार ने पैसे लेने से किया इनकार, कहा- ‘नो प्राइस’

जापान में छोटी से छोटी सर्विस के लिए पैसे देने पड़ते हैं, इसलिए सोनम पैसे देने की पूरी तैयारी में थीं. लेकिन जैसे ही वह दुकान पर पहुंचीं, दुकानदार ने साइकिल से पहले सोनम का हाल पूछा कि कहीं उन्हें ज्यादा चोट तो नहीं आई. सोनम दुकानदार की इस संवेदनशीलता से काफी प्रभावित हुईं. दुकानदार ने पूरी साइकिल ठीक कर दी. जब सोनम ने पूछा कि “कितने पैसे हुए?”, तो दुकानदार ने मुस्कराते हुए कहा- “नो प्राइस” यानी एक भी पैसा नहीं लगेगा. उसने सोनम को बारिश में सुरक्षित साइकिल चलाने की सलाह भी दी.

भारतीय लड़की ने ऐसे दिया धन्यवाद, भावुक हो गया दुकानदार

दुकानदार की इस निस्वार्थ मदद ने सोनम के दिल को छू लिया. वह लंच ब्रेक में पास के एक इंडियन रेस्टोरेंट गईं, वहां से गरमा-गरम भारतीय खाना पैक कराया और बारिश में ही साइकिल चलाकर वापस दुकान पहुंचीं. जब दुकानदार ने सोनम को बारिश में फिर से आते देखा, तो वह घबरा गया कि कहीं वह दोबारा तो नहीं गिर गईं. लेकिन जब सोनम ने उसे खाने का पैकेट थमाया, तो दुकानदार काफी भावुक और खुश हो गया. सोनम ने कहा कि उस अनजान व्यक्ति की दयालुता ने उनका दिन बना दिया.

यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन के एसी कोच में शीशा तोड़ अंदर घुसा पत्थर, होश उड़ा देगा वीडियो

सोशल मीडिया पर रो पड़े लोग, इंसानियत की हो रही तारीफ

सोनम की यह स्टोरी सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से शेयर होने लगी. लोग इस भारतीय लड़की और जापानी दुकानदार के बीच दिखे इस खूबसूरत रिश्ते की जमकर तारीफ कर रहे हैं. वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, “आपकी कहानी सुनकर सच में आंखों में आंसू आ गए, दुनिया में आज भी इतने प्यारे और अच्छे लोग मौजूद हैं.” लोग कह रहे हैं कि इंसानियत की कोई भाषा और सीमा नहीं होती, यह बिना कुछ कहे भी दिलों को जोड़ देती है.

यह भी पढ़ें: बप्पा की भक्ति में डूबी तेलंगाना पुलिस, विसर्जन के दौरान लगाए ठुमके; देखें वीडियो





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *