अगर आप भी पिज्जा, बर्गर, चाउमीन और मोमोज जैसे चाइनीज और इटैलियन फास्ट फूड के शौकीन हैं और हर वीकेंड बाहर जाकर बड़े चाव से खाते हैं, तो यह खबर और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो आपकी आंखें खोलने के लिए काफी है. उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत प्रदेश के कई बड़े शहरों के नामी फास्ट फूड आउटलेट्स पर अचानक छापा मारा.
कार्रवाई के दौरान जो खौफनाक और घिनौना नजारा सामने आया, उसका वीडियो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है.
किचन में चूहे-कीड़े और बासी खाना, FSDA की रेड में हुआ भंडाफोड़
FSDA की टीम ने कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में एक साथ बड़े-बड़े फास्ट फूड प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की. जांच के दौरान कई नामी आउटलेट्स के किचन में स्वच्छता और सैनिटेशन की धज्जियां उड़ती मिलीं. कहीं रसोइयों में कॉकरोच और चूहे घूमते पाए गए, तो कहीं एक्सपायर्ड यानी सड़े-गले खाद्य पदार्थों से खाना तैयार किया जा रहा था. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि कई जगह वेज और नॉन-वेज खाने को एक ही जगह बिना किसी सेग्रीगेशन के रखा जा रहा था, जिससे लोगों की धार्मिक और खान-पान की भावनाएं भी आहत हो रही थीं.
5 जिलों की 7 बड़ी यूनिट्स के लाइसेंस सस्पेंड करने की सिफारिश
खाद्य सुरक्षा मानकों का सरेआम उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तुरंत सख्त रुख अपनाया है. FSDA ने नियमों की अनदेखी करने वाले इन पांचों जिलों के कुल 7 बड़े फास्ट फूड आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित (सस्पेंड) करने की संस्तुति कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आउटलेट को बख्शा नहीं जाएगा. छापेमारी के दौरान दूषित सामान को मौके पर ही नष्ट करवाया गया और सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं.
वायरल वीडियो देख भड़के लोग, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
कार्रवाई का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, नेटिजन्स का गुस्सा फूट पड़ा. लोग धड़ाधड़ इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और बाहर के खाने से तौबा करने की बातें कह रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “हम हजारों रुपये देकर बड़े-बड़े रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं और पीछे ये हमें बीमारी परोस रहे हैं!” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “शुक्र है प्रशासन ने इन पर शिकंजा कसा, ऐसे रेस्टोरेंट मालिकों को जेल भेजना चाहिए.” एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “अब बाहर का फास्ट फूड खाने से पहले सौ बार सोचना पड़ेगा.”
यह भी पढ़ें: बप्पा की भक्ति में डूबी तेलंगाना पुलिस, विसर्जन के दौरान लगाए ठुमके; देखें वीडियो
बाहर का खाना खाने से पहले बरतें सावधानी
इस पूरी कार्रवाई और वायरल वीडियो से ये तो साफ हो गया कि चकाचौंध भरे रेस्टोरेंट और महंगे फास्ट फूड का मतलब यह नहीं कि वहां का खाना साफ-सुथरा ही होगा. प्रशासन का यह कदम उन रेस्टोरेंट चालकों के लिए कड़ा सबक है जो चंद पैसों के मुनाफे के लिए जनता की सेहत का सौदा करते हैं. फिलहाल, यह वायरल वीडियो लोगों को जागरूक कर रहा है कि बाहर खाते वक्त हाइजीन का ध्यान रखना कितना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन के एसी कोच में शीशा तोड़ अंदर घुसा पत्थर, होश उड़ा देगा वीडियो
