Headlines

सुपौल में फायरिंग के बीच दिनदहाड़े युवक का अपहरण, तेजस्वी यादव बोले- ‘7 हत्याओं के…’


बिहार के सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई है. वहीं इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है.

उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “सम्राट चौधरी स्टाइल में दिनदहाड़े युवक का ‘अपहरण’. बदमाशों ने पहले बाइक में टक्कर मारी फिर फायरिंग करते हुए युवक को कार में डाल अपहरण कर लिया. 7 हत्याओं के आरोपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद है क्योंकि अपराधी भी जानते है CM हमारे ही “लीग” का है. सरकार के मंत्री अब इसमें 2005 से पूर्व का सूरज-चांद और जाति ढूंढेंगे.”

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

दरअसल, इस पूरी वारदात का स्थानीय लोगों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार सवार बदमाश युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं. घटना SH-91 जदिया-बलुआ पथ पर बेलागंज के समीप की बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, बाइक से जा रहे एक युवक को कार सवार बदमाशों ने पहले टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया. इसके बाद कार सवार बदमाशों ने युवक को जबरन उठाकर कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए.

बदमाशों ने किया चार राउंड फायर

बताया जा रहा है कि आसपास मौजूद लोगों ने जब बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की तो उन्होंने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों द्वारा करीब चार राउंड गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है. फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

मोहम्मद जीशान के रूप में हुई किडनेप युवक की पहचान

किडनेप युवक की पहचान 20 वर्षीय मो. जीशान खान के रूप में बताई जा रही है, जो छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर का रहने वाला है. युवक के अपहरण की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज SDPO दिलीप कुमार और सुपौल एसपी शरथ आर.एस. भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.

पुलिस ने क्या कहा?

एसपी शरथ आर.एस. ने बताया कि कुछ अपराधियों द्वारा एक युवक को कार में बैठाकर ले जाने की सूचना प्राप्त हुई है. इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग किए जाने की भी जानकारी मिली है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.

विशेष टीम का गठन

एसपी ने बताया कि त्रिवेणीगंज SDPO के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस अपहृत युवक की बरामदगी और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए कार्रवाई में जुटी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *