देश की राजधानी दिल्ली की रोड नेटवर्क को और भी बेहतर बनाने की दिशा में कल मंगलवार 29 सितंबर को कई बड़ी परियोजनाओं उद्घाटन और शुभारंभ हुआ. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत कल दिल्ली को 1941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इनमें नौ साल की देरी के बाद तैयार बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन शामिल है, जबकि मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी रोड गोल चक्कर अंडरपास की आधारशिला रखी गई.
इनमें बारापुला फेज-3 को काफी अहम मना जा रहा है. करीब 10.9 किलोमीटर के इस एलिवेटेड कॉरिडोर को मौजूदा बारापुला नेटवर्क से जोड़ा गया है. इससे पूर्वी दिल्ली को सराय काले खां के रास्ते दक्षिणी दिल्ली और एम्स से जोड़ने वाला सफर आसान हो जाएगा.
सराय काले खां के सामने जाम का दबाव घटने की उम्मीद
कॉरिडोर का करीब 3.5 किलोमीटर हिस्सा मयूर विहार फेज-1 को सीधे सराय काले खां से जोड़ेगा. इसके चालू होने के बाद पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद से दक्षिणी दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को सराय काले खां बस अड्डे के सामने रिंग रोड के व्यस्त हिस्से से गुजरने की जरूरत कम पड़ेगी. अभी दक्षिणी दिल्ली और एम्स की ओर से आने वाले जिन वाहनों को गाजियाबाद या पूर्वी दिल्ली जाना होता है, उन्हें बारापुला फेज-1 और फेज-2 से निकलकर सराय काले खां के सामने रिंग रोड होते हुए एनएच-9 की ओर जाना पड़ता है.
नए कॉरिडोर के बाद ऐसे वाहन मयूर विहार की दिशा में सीधे आगे बढ़ सकेंगे. परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा के अनुसार, नए मार्ग से रिंग रोड के इस हिस्से पर वाहनों का दबाव करीब 30 से 35 प्रतिशत तक कम हो सकता है. कॉरिडोर को गुरुवार से आम यातायात के लिए खोले जाने की उम्मीद है.
रोज करीब 15,800 वाहनों को फायदा
लगभग 10.9 किलोमीटर लंबे बारापुला फेज-3 में पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी सुविधाएं विकसित की गई हैं. परियोजना के पूरी तरह शुरू होने के बाद मयूर विहार फेज-1, सराय काले खां, दक्षिणी दिल्ली और एम्स के बीच आवागमन सुगम होने की उम्मीद है. वहीं, जहांगीरपुरी की तरफ जाने वाले वाहनों को भी सीधा मार्ग मिलने की बात कही गई है. एक अनुमान के मुताबिक रोजाना करीब 15,800 वाहनों को इस परियोजना से लाभ मिलने की बात कही जा रही है.
सरकारों के बीच समन्वय पर जोर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के बेहतर तालमेल से राजधानी में आधुनिक और नागरिक-केंद्रित बुनियादी ढांचे के काम को गति मिल रही है. उन्होंने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर दिल्ली के विकास को रोकने का आरोप भी लगाया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई परियोजनाओं से दिल्ली वासियों का आवागमन आसान होगा. वहीं, लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा ने इन्हें राजधानी की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
