पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार (7 अक्टूबर, 2026) को दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. सीएम शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री के रैंक का सलाहकार नियुक्त किया है.
राज्य सरकार की कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. अधिसूचना में कहा गया, ‘राज्यपाल को यह आदेश देते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मिथुन चक्रवर्ती को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री के पद के बराबर दर्जे पर पश्चिम बंगाल सरकार का सलाहकार नियुक्त किया जाता है. यह अधिसूचना सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जनहित में जारी की जा रही है.
CM शुभेंदु के अधीन है सूचना और सांस्कृतिक मामलों का विभाग
West Bengal: Mithun Chakraborty appointed as Advisor to the Government of West Bengal in the rank of Cabinet Minister in the Information & Cultural Affairs Department, with immediate effect and until further orders. https://t.co/t9agID8WAD
— IANS (@ians_india) October 7, 2026
शुभेंदु सरकार की तरफ से की गई नियुक्ति के बाद अब मिथुन चक्रवर्ती सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री का दर्जा रखेंगे. यह विभाग सीधे तौर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अधीन है. यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब BJP सरकार बंगाल के सांस्कृतिक और फिल्म सेक्टर पर अपना ध्यान मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
हालांकि, इस नियुक्ति की घोषणा सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दिग्गज बंगाली फिल्म अभिनेता उत्तम कुमार के जन्म शताब्दी समारोह से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान ही की थी. राज्य सरकार इन समारोहों को पश्चिम बंगाल की फिल्म विरासत को बढ़ावा देने और राज्य को एक प्रमुख सांस्कृतिक और सिनेमैटिक सेंटर के तौर पर फिर से स्थापित करने की व्यापक कोशिश के हिस्से के रूप में पेश कर रही है.
BJP के सेलिब्रिटी फेस और प्रमुख प्रचारक हैं मिथुन चक्रवर्ती
मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा जगत के सबसे ज्यादा पहचाने जाने वाले नामों में से एक हैं. वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रमुख और सक्रिय प्रचारक के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में एक प्रमुख राजनीतिक चेहरा भी रहे हैं. उनकी नियुक्ति से अभिनेता को राज्य सरकार में औपचारिक रूप से बड़ी भूमिका मिली है.
यह भी पढ़ेंः राहुल गांधी को ले जा रही पुलिस की गाड़ी पंक्चर, कांग्रेस बोली- ‘बब्बर शेरों ने…’
