भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज का आगाज शानदार जीत के साथ किया. लखनऊ में जीत के बाद श्रेयस अय्यर एंड टीम रांची में विजय हासिल करना चाहेगी. मुकाबले को लेकर शहर में काफी क्रेज है, ऑनलाइन टिकट तो कुछ समय में ही बिक गईं थी और ऑफ लाइन टिकट्स के लिए भी लोग सुबह से ही लाइन में लगे हुए थे. फैंस वैभव सूर्यवंशी को खेलते देखना चाहते हैं, हालांकि वह पिछले मैच में नहीं खेले थे लेकिन शुक्रवार को उन्हें मौका मिल सकता है.
रांची में होने वाले दूसरे टी20 में भारतीय टीम बड़े बदलाव कर सकती है, सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी और उम्मीद है कि उन्हें प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है. लेकिन फिर वही सवाल उठता है कि बाहर कौन होगा? संजू सैमसन को पिछली सीरीज में बैक किया गया था, लखनऊ में भी खेले थे लेकिन सिर्फ 11 रन बना पाए थे.
अभिषेक शर्मा बेशक पिछले मैच में नहीं चले, लेकिन वह शानदार फॉर्म में हैं. एशियन गेम्स में उन्होंने मुश्किल पिचों पर अच्छा स्कोर किया था, ऐसे में उन्हें बाहर करने के बारे में नहीं सोचा जा सकता. वैभव सूर्यवंशी भी एशियन गेम्स में खेल रहे थे, जहां पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 9 गेंदों में 15 रन बनाए थे. वह एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं.
प्रिंस यादव को मिल सकता है मौका
पिछले मैच में मयंक यादव काफी महंगे साबित हुए थे, उन्होंने 4 ओवरों में 40 रन लुटाए थे. वह उस मुकाबले में भारत के लिए सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए थे, ऐसे में दूसरे टी20 में उनकी जगह प्रिंस यादव को मौका मिले तो हैरानी नहीं होगी.
भारत की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव.
यह भी पढ़ें- कब-कब विवादों में घिरे विराट कोहली और दी सफाई, क्या है प्रेमानंद महाराज वाला मामला?
