श्रीलंका को नया टेस्ट कप्तान मिल गया है. कुसल मेंडिस को रेड बॉल टीम की कमान सौंपी गई है. धनंजय डी सिल्वा ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद मेंडिस को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया. गुरुवार (08 अक्टूबर) को यह फैसला श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मुख्यालय में हुई सिलेक्शन कमिटी की बैठक में लिया गया.
बता दें कि कुसल मेंडिस ने इससे पहले टेस्ट में श्रीलंका की कप्तानी नहीं की है, लेकिन वह व्हाइट बॉल टीम की कमान संभाल चुके हैं. उन्होंने 22 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में श्रीलंका की कप्तानी की है. मेंडिस इसी महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली अगली सीरीज में व्हाइट-बॉल टीमों की कप्तानी करेंगे.
Kusal Mendis takes the reins as Sri Lanka name a new Test captain. https://t.co/KKztKBBZai
— ICC (@ICC) October 8, 2026
कप्तान के रूप में कब खेलेंगे पहला मैच?
व्हाइट बॉल सीरीज के बाद श्रीलंका को नवंबर में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी खेलनी है. टीम के खिलाफ होने वाली ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में वे पहली बार टेस्ट कप्तान के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट 17 से 21 नवंबर के बीच लाहौर में होगा. वनडे और टी20 के बाद देखना दिलचस्प होगा कि मेंडिस श्रीलंका के लिए टेस्ट में कप्तान के रूप में कैसा परफॉर्म करते हैं.
कुसल मेंडिस का करियर
मेंडिस लंबे वक्त से श्रीलंका के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं. उन्होंने अब तक 75 टेस्ट, 159 वनडे और 109 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट की 139 पारियों में उन्होंने 36.36 की औसत से 4836 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 10 शतक और 23 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें हाई स्कोर 245 रनों का रहा है.
वनडे की 155 पारियों में मेंडिस ने 36.33 की औसत से 5160 रन बना लिए हैं. फॉर्मेट में उनके बल्ले से 7 शतक और 36 अर्धशतक निकल चुके हैं, जिसमें हाई स्कोर 143 रनों का है. बाकी टी20 इंटरनेशनल की 109 पारियों में उन्होंने 26.15 की औसत और 130.20 के स्ट्राइक रेट से 2694 रन बना लिए हैं. इस दौरान उन्होंने 20 फिफ्टी लगाई हैं, जिसमें हाई स्कोर 86 रनों का रहा.
यह भी पढ़ें: भारतीय खिलाड़ी के शतक से अमेरिका ने जीता ICC लीग-2 का खिताब
