बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर अपने पॉपुलर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ का 9वां और आखिरी सीजन लेकर आ रहे हैं. शो को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बज बना हुआ है. करण जौहर इस सीजन के बाद अपने आइकॉनिक काउच को अलविदा कह देंगे. हालांकि, उनके फैंस के लिए एक अच्छी खबर भी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करण जौहर शो खत्म होने के बाद अपने बैनर के तहत एक नया सेलिब्रिटी टॉक शो शुरू करने की प्लानिंग कर रहे हैं.
करण जौहर क्यों शुरू करना चाहते हैं नया शो?
मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, ‘कॉफी विद करण 9’ के बाद करण जौहर एक नए टॉक शो के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी में हैं. करण अपने प्रोडक्शन बैनर के तहत एक नया सेलिब्रिटी चैट शो शुरू करना चाहते हैं. वो ऐसा शो बनाने की योजना बना रहे हैं, जिसके राइट्स पूरी तरह उनके अपने प्रोडक्शन बैनर के पास हों. यानी करण एक नए और ओरिजिनल शो फॉर्मेट पर काम कर रहे हैं.
आजकल कई शो यूट्यूब से शुरू होते हैं और धीरे-धीरे अपनी अलग ऑडियंस बना लेते हैं. इसके बाद इन्हें बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी जगह मिल जाती है. माना जा रहा है कि करण भी इसी मॉडल को ध्यान में रखकर अपने नए शो की प्लानिंग कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक इस नए शो के नाम, फॉर्मेट और प्लेटफॉर्म को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ये भी साफ नहीं है कि शो कब तक शुरू होगा.
‘कॉफी विद करण’ का 9वां सीजन होगा आखिरी
करण जौहर ने हाल ही में ‘वेराइटी’ को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘कॉफी विद करण’ का आने वाला 9वां सीजन शो का आखिरी सीजन होगा. उन्होंने बताया कि ये शो उनके करियर का अहम हिस्सा रहा है और इससे उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं. करण ने कहा, ‘कॉफी विद करण एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मेरी पहचान का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है. मुझे अभी भी यकीन नहीं होता कि इसे 22 साल हो चुके हैं और अब यह मेरा 9वां सीजन होने जा रहा है.’
शो को खत्म करने के फैसले पर उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी जिंदगी का अगला दशक और ज्यादा फिल्में डायरेक्ट करने और कई नई कहानियां सुनाने में बिताना चाहता हूं. इसलिए भारी मन से मैं इस सीजन को अपना आखिरी सीजन बना रहा हूं.’
‘कॉफी विद करण 9’ में नजर आ सकते हैं ये सितारे
‘कॉफी विद करण’ का 9वां सीजन आखिरी होने वाला है, ऐसे में करण जौहर इसे खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीजन में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे नजर आ सकते हैं. बताया जा रहा है कि सलमान खान ने गुरुवार को शो के लिए एक एपिसोड की शूटिंग भी कर ली है. कहा जा रहा है कि इस सीजन में आलिया भट्ट भी नजर आ सकती हैं. अगर आलिया आती हैं तो एक्ट्रेस के साथ उनके पति रणबीर कपूर और विक्की कौशल भी नजर आ सकते हैं.
इसके अलावा, शाहरुख खान अपने बेटे आर्यन खान के साथ शो के आइकॉनिक काउच पर दिखाई दे सकते हैं. रिपोर्ट्स में करीना कपूर खान, सैफ अली खान, काजोल, वरुण धवन, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना जैसे सितारों के नाम भी सामने आए हैं. वहीं, अनन्या पांडे, अनन्या बिरला, सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के आने की भी चर्चा है.
