केरल के एर्नाकुलम में कोच्चि एयरपोर्ट के पास एक मिनी कूपर कार के स्कूटर से टकराने के कारण रविवार को 3 छात्रों की मौत हो गई. हादसे के बाद कार ड्राइवर सुहैल सजीव को हिरासत में लिया गया है. बताया जा रहा है कि जब स्थानीय लोगों ने उससे सवाल किए तो आरोपी ने कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे.
ये हादसा नेडुम्बसेरी में रात करीब 2 बजे हुआ, जब तीनों छात्र पास की एक दुकान पर चाय पीकर घर लौट रहे थे. मृतकों में 2 युवतियां भी शामिल हैं, जिनकी पहचान वायनाड की रहने वाली देविका, पलक्कड़ की रहने वाली गोपिका और कर्नाटक के रहने वाले एजाज के तौर पर हुई है. ये तीनों थ्रिक्काकारा में काम भी करते थे.
सुहैल पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने दो-पहिया वाहन को टक्कर मारी, जिससे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई. ड्राइवर पर गैर-इरादतन हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस को शक है कि सुहैल नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था. फिलहाल ब्लड टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है.
नशे में था ड्राइवर सुहैल सजीव
एर्नाकुलम ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक के.एस. सुदर्शन ने पत्रकारों को बताया कि कार की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसमें कोई नशीला पदार्थ मिला है. सुदर्शन ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि दुर्घटना के समय ड्राइवर नशे में था. एक अलग घटना में जब सुहैल को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था, तो कथित तौर पर पीड़ितों के कुछ दोस्तों ने उस पर हमला कर दिया.
पुलिसकर्मियों ने हमलों को रोकने के लिए बीच-बचाव किया और कथित हमलावरों में से एक को हिरासत में ले लिया. सुदर्शन ने कहा कि तेज रफ्तार के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए एयरपोर्ट के आस-पास के इलाके में पुलिस की गश्त और सुरक्षा के दूसरे उपाय मजबूत किए जाएंगे. फिलहाल मामले में जांच जारी है.
ये भी पढ़ें
जेपीएनआईसी: अंधेरे से उजाले की ओर
