बिहार के भोजपुर जिले में शारदीय नवरात्र की महानवमी के दिन हत्या की दो घटनाओं से सनसनी फैल गई. चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में भांजे की हत्या का बदला लेने के लिए 72 वर्षीय बुजुर्ग की लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. हमले में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
वहीं, आरा शहर के नगर थाना क्षेत्र के इब्राहिम नगर मोहल्ले में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: पटना रावण दहन: 4 बजे तक पहुंच जाएं गांधी मैदान, किस गेट से होगी एंट्री?
भांजे की हत्या का बदला लेने में बुजुर्ग की हत्या
चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे प्रतिशोध में बुजुर्ग बसंत सिंह (72) की हत्या कर दी गई. हमले में उनकी 65 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि बसंत सिंह के नाती अश्विनी कुमार सिंह उर्फ मोलू पर शांतनु कुमार की हत्या में शामिल होने का आरोप है. शांतनु की 16 अक्टूबर की रात पवना बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव का निवासी था. इस मामले में पुलिस ने अश्विनी उर्फ मोलू को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल जेल में है.
पुलिस के अनुसार, शांतनु कुमार का मामा रामाशंकर सिंह अपने भांजे की हत्या से नाराज था. इसी प्रतिशोध में उसने सोमवार को बसंत सिंह और उनकी पत्नी पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण बसंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं.
आरोपी गिरफ्तार-जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर चांदी थानाध्यक्ष सुमीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी बरामद कर लिया गया है. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रतिशोध की बात सामने आई है. मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
इब्राहिम नगर में युवक की गोली मारकर हत्या
दूसरी घटना आरा शहर के इब्राहिम नगर मोहल्ले में सोमवार की शाम करीब 6:40 बजे हुई. यहां मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गुंडी गांव निवासी अभिषेक कुमार (19) की गोली मारकर हत्या कर दी. गोली सीने के पास लगी थी. पुलिस उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, अभिषेक कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के गुंडी गांव का रहने वाला था. वह पढ़ाई करने के साथ नौकरी की तैयारी भी कर रहा था. महा नवमी के अवसर पर वह अपनी छोटी बहन के घर इब्राहिम नगर, धरहरा आया हुआ था.इसी दौरान वह मोहल्ले में था, तभी उसे गोली मार दी गई. वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और हमलावर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार और इंस्पेक्टर देवराज राय समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
दोनों में हुआ था विवाद
पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सचिन उर्फ छोटे यादव के साथ अभिषेक के विवाद की बात सामने आई है. सचिन इब्राहिम नगर का निवासी बताया गया है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. वहीं, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मृतक के जीजा जयप्रकाश राय ने बताया, “हमें फोन पर सूचना मिली कि अभिषेक को गोली लगी है. जब हम मौके पर पहुंचे तो वह गाड़ी पर पड़ा हुआ था. टाउन थाना पुलिस ने मदद की और अपनी जीप में रखकर उसे अस्पताल लाए. वह तब तक जिंदा था, अगर स्थानीय लोग उसे समय रहते अस्पताल ले आते तो उसकी जान बच सकती थी. हत्या क्यों और किसने की, इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है. घटना की खबर सुनते ही हम आनन-फानन में पहुंचे. अभिषेक अपनी छोटी बहन के घर इब्राहिम नगर आया हुआ था.”
जल्द गिरफ्तारी का दावा
मामले की जानकारी देते हुए आरा के एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी. एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. नामजद अभियुक्त सचिन उर्फ छोटे यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण में दंपती से दरिंदगी! महिला से गैंगरेप, 8 आरोपी गिरफ्तार
