देश में विपक्ष की तरफ से सत्ता परिवर्तन को लेकर उठ रही मांगों के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार (20 अक्टूबर, 2026) को शिवसेना के संस्थापक और हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे को याद किया है. उन्होंने कहा कि अदम्य बालासाहेब ठाकरे की बहुत याद आ रही है.
दरअसल, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट शेयर किया. वीडियो पोस्ट में उन्होंने शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का एक क्लिप शेयर किया. साथ ही, उन्होंने शिवसेना (UBT) गुट के सांसद संजय राउत का भी एक क्लिप साझा किया.
वीडियो में संजय राउत ने क्या कहा?
किरेन रिजिजू की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत मीडिया से बातचीत करते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘रिजीम चेंज हो जाएगा, आप बस देखते रहिए.’ राउत ने कहा, ‘राहुल गांधी वियतनाम गए हैं न! उनके आने के बाद देखो.’
अदम्य बालासाहेब ठाकरे की बहुत याद आ रही है। Shiv Sena leader @mieknathshinde ji is the only person in the party who is leading the party with the ideology of Balasaheb Thackeray Ji. https://t.co/nSbjKDlryA
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) October 20, 2026
मैं अपनी शिवसेना का कांग्रेस नहीं होने दूंगा- बालासाहेब ठाकरे
वहीं, वीडियो पोस्ट में हिंदू हृदय सम्राट और शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब कह रहे हैं, ‘मैं मेरी शिवसेना का कांग्रेस नहीं होने दूंगा. कभी नहीं. और मुझे ऐसा लगेगा कि ये हो रहा है तो I’ll close my shop. उसके बाद शिवसेना चुनाव नहीं लड़ेगी. कहां जाएंगे ये लोग?’
उन्होंने कहा, ‘आज उन्हें मान और सम्मान सिर्फ शिवसेना के नाम पर मिल रहा है. भगवा झंडा के लिए मिल रहा है. इससे गद्दारी करना चाहते हैं या मारा-मारी करना चाहते हैं?’
एकनाथ शिंदे को लेकर क्या बोले रिजिजू?
इसके साथ ही, किरेन रिजिजू ने अपने X पोस्ट के कैप्शन में कहा, ‘शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे जी ही पार्टी में इकलौते ऐसे व्यक्ति हैं, जो पार्टी को बालासाहेब ठाकरे जी की विचारधारा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं.’
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का यह पोस्ट ऐसे वक्त पर सामने आया है जब कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी इंडिया गठबंधन की सभी सहयोगी पार्टियां देश में रिजीम चेंज यानी सत्ता परिवर्तन की मांग पर जोर देते हुए विरोध प्रदर्शन और मार्च आयोजित कर रहे हैं. हाल ही में विपक्षी पार्टियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देश में वोट चोरी, एसआईआर और चुनावों में धांधली के मुद्दे के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन और मार्च किया था.
यह भी पढ़ेंः ‘भारत रिफाइनिंग के क्षेत्र में…’, जयशंकर से मिलकर बोले रुबियो, ट्रेड डील पर दिया बड़ा बयान
