ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (BJD) के प्रमुख नवीन पटनायक ने मंगलवार (20 अक्टूबर, 2026) को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में मांग उठाई है. उन्होंने मांग की है कि CJP के सह-संयोजकों सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत की तुरंत समीक्षा की जानी चाहिए और उन्हें तत्काल रिहा किया जाना चाहिए.
नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट की शुरुआत उन्होंने ‘जय हिंद’ लिखकर की. उन्होंने कहा, ‘आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत की तत्काल समीक्षा की जानी चाहिए और उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए. राष्ट्रीय ध्वज फहराना इतनी लंबी हिरासत का आधार नहीं होना चाहिए, भले ही झंडा किसी प्रतिबंधित इलाके में फहराया गया हो.’
न्यायपालिका और कार्यपालिका को तत्परता दिखानी चाहिए- पटनायक
Jai Hind The judicial custody of #AshutoshRanka and #SauravDas must be urgently reviewed and they must be released immediately. Hoisting the National Flag, even in a prohibited area, should not warrant such prolonged detention. The judiciary and the executive must rise to the occasion to ensure that the youth of this country do not lose faith in the rule of law and constitutional rights.
— Naveen Patnaik (@Naveen_Odisha) October 20, 2026
उन्होंने आगे कहा, ‘न्यायपालिका और कार्यपालिका को इस मामले में तत्परता दिखानी चाहिए, ताकि इस देश के युवाओं का कानून के शासन और संवैधानिक अधिकारों पर से भरोसा न उठे.’
के. अन्नामलई ने भी CJP को दिया समर्थन
वहीं, तमिलनाडु के पूर्व BJP अध्यक्ष और वी द लीडर्स के संस्थापक के. अन्नामलई ने भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को अपना समर्थन दिया है. उन्होंने CJP के सह-संयोजकों – सौरव दास और आशुतोष रांका – के खिलाफ दिल्ली पुलिस की तरफ से मामले को संभालने के तरीके पर सवाल उठाए.
के. अन्नामलई ने कहा, ‘हो सकता है कि मैं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध करने के कई तरीकों को लेकर इत्तेफाक नहीं रखता हूं, हो सकता हूं कि मैं CJP की कुछ हरकतों से भी इत्तेफाक न रखूं. यह बिल्कुल एक अलग मुद्दा है, लेकिन मैं कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से जो सवाल उठाए गए हैं, मैं उनका पूरी तरह से समर्थन करता हूं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘सरकार को इन सवालों का जवाब देना ही चाहिए, लेकिन उन्हें सिर्फ एक मामूली उल्लंघन की वजह से गिरफ्तार करना और फिर उन्हें इतने समय तक जेल में रखना, यह सिर्फ CJP के नेताओं की ताकत को बढ़ाएंगे. मुझे यह कहते हुए डर लग रहा है कि दिल्ली पुलिस बहुत बड़ा अन्याय कर रही है.’
यह भी पढ़ेंः ‘किसी ने बेटा, तो किसी ने पति खोया’, पंजाब में नशे को लेकर अमित शाह का AAP सरकार पर हमला
