Potato Planter Machine: आलू की बुवाई का मौसम आते ही किसानों को खेत तैयार करने के साथ मजदूरों का इंतजाम भी करना पड़ता है. खेत बड़ा हो तो बीज डालने में काफी समय लग जाता है. इसके अलावा, आलू के बीज सही दूरी पर डालना भी जरूरी होता है, ताकि पौधों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके.
ऐसे में ट्रैक्टर से चलने वाली आलू बोने की मशीन किसानों का काम काफी आसान कर सकती है. इसकी मदद से आप कम समय में ज्यादा खेत में बुवाई कर सकते हैं. इसके साथ ही मजदूरों पर होने वाला खर्च भी काफी हद तक कम हो सकता है.
आलू प्लांटर मशीन कैसे करती है काम?
आलू बोने वाली मशीन को आलू प्लांटर कहते हैं. इसे ट्रैक्टर से जोड़कर चलाया जाता है. इसमें आलू के बीज रखने की जगह होती है. ट्रैक्टर खेत में चलता है, तो मशीन अपने आप सही दूरी पर आलू के बीज डालती जाती है. इससे खेत में आलू की बुवाई जल्दी होती है और मजदूरों की जरूरत भी कम पड़ती है.
कुछ मशीनों से आलू के बीज बोने के साथ खाद भी डाली जा सकती है. इससे किसान का समय और मेहनत दोनों बचते हैं. हालांकि, खाद डालने की सुविधा हर मशीन में नहीं होती.
अर्ध-स्वचालित आलू प्लांटर
अगर किसान कम पैसे में आलू बोने की मशीन खरीदना चाहते हैं, तो अर्ध-स्वचालित प्लांटर ले सकते हैं. इस मशीन से आलू के बीज खेत में डाले जाते हैं, लेकिन बीज सही तरीके से डल रहे हैं या नहीं, इस पर किसान या मजदूर को ध्यान देना पड़ता है. इसे चलाने के लिए कम से कम 15 हॉर्स पावर का ट्रैक्टर चाहिए. इसकी शुरुआती कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई जाती है. छोटे और मध्यम खेतों में खेती करने वाले किसान अपने बजट और जरूरत के हिसाब से इसे खरीदने के बारे में सोच सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बायोगैस प्लांट कैसे लगाएं? जानें गोबर से गैस बनाने का तरीका
पूरी तरह स्वचालित आलू प्लांटर
इस मशीन में आलू के बीज उठाने और खेत में डालने का काम अपने आप होता है. इसमें लगा एक घूमने वाला पहिया आलू के बीज उठाता है और खेत में सही दूरी पर डालता जाता है. मशीन के मॉडल के हिसाब से यह एक घंटे में करीब 6,000 से 14,000 आलू के बीज बो सकती है. कुछ मशीनों से बीज बोने के साथ खाद भी डाली जा सकती है. इसे चलाने के लिए आमतौर पर 35 हॉर्स पावर या उससे ज्यादा ताकत वाले ट्रैक्टर की जरूरत होती है. इसकी कीमत करीब 1.6 लाख रुपये से शुरू होती है.
हाई-स्पीड स्वचालित प्लांटर
जिन किसानों को कम समय में बड़े खेत में आलू की बुवाई करनी होती है, उनके लिए हाई-स्पीड प्लांटर काम आ सकता है. यह मशीन तेजी से आलू के बीज उठाकर खेत में डालती जाती है, जिससे कम समय में ज्यादा खेत में बुवाई हो सकती है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई जाती है.
मशीन खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आलू प्लांटर खरीदने से पहले किसान अपने खेत का आकार, ट्रैक्टर की क्षमता और बजट जरूर देखें. मशीन की कीमत के साथ उसके रखरखाव और चलाने के खर्च का भी अंदाजा लगाएं. अपने खेत और जरूरत के हिसाब से सही मशीन चुनने पर बुवाई का समय बच सकता है और मजदूरी का खर्च कम करने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: लकी ड्रॉ खेलिए, मिलेगा ट्रैक्टर और चारा काटने की मशीन; किसानों के लिए मौका
