राजस्थान में आज पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गए हैं. पहले चरण के चुनाव के लिए 16 जिलों में वोटिंग हो रही है. वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई थी और शाम 6 बजे तक चलेगी. जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के पदों के लिए मतदाता वोट कर रहे हैं.
16 जिला परिषद और 104 पंचायत समितियों में वोटिंग हो रही है इसलिए एक मतदाता EVM मशीन पर दो पदों के लिए वोट करेगा. मतदाता एक वोट जिला परिषद सदस्य के लिए करेगा, जबकि, दूसरा वोट अपनी पंचायत समिति सदस्य के लिए करेगा. इस बीच अशोक गहलोत ने वोटरों से कांग्रेस को विजयी बनाने के लिए अपील की है.
गहलोत की जनता से अपील
चुनावों को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. आज पहले चरण के मतदान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की वोटरों से अपील की कि वो अपने मताधिकार का प्रयोग करें और कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजय बनाएं. अशोक गहलोत ने कहा कि आज पंचायतीराज चुनावों के पहले चरण का मतदान है. पहले चरण के सभी मतदाताओं से मेरा विनम्र आग्रह है कि कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर लोकतंत्र और जनहित की आवाज को मजबूत करें. बीजेपी के कुशासन से आज राजस्थान की जनता त्रस्त है.
उन्होंने आगे कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस और बीजेपी के बीच एक प्रतिशत से भी कम मतों का अंतर था, लेकिन बीजेपी ने जनादेश को छीनने का काम किया. हमें सतर्क रहना होगा कि पंचायत चुनावों में भी जनादेश के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो. इसलिए मेरा निवेदन है कि आप कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं और एक मजबूत, निर्णायक जनादेश देकर लोकतंत्र की जड़ों को और गहरा करें.
बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
बता दें कि आज राजधानी जयपुर के साथ ही जोधपुर, अलवर, नागौर, भीलवाड़ा, अजमेर, उदयपुर, कोटा, झालावाड़, राजसमंद, पाली, बाड़मेर, राजसमंद, फलोदी, डूंगरपुर और सिरोही में भी वोटिंग हो रही है. इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है. पहले चरण के चुनावों में करीब 85.07 लाख मतदाता वोट डालेंगे और कुल 6,926 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे. वोटिंग के लिए 9,886 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.
