Headlines

बिहार MLC चुनाव से पहले सरकार की शिक्षकों को सौगात, अनुदान राशि जारी


बिहार में वित्तरहित माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है. बिहार सरकार के निर्देश पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने अनुदान की राशि सीधे संबंधित कर्मियों के बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बुधवार से RTGS के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है. इस प्रक्रिया को आगामी दो दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब बिहार में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों पर चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है.

अब तक अनुदान की राशि संबंधित विद्यालयों और कॉलेजों की प्रबंध समितियों के खातों में भेजी जाती थी. इसके बाद शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों तक पैसा पहुंचता था. इस प्रक्रिया में भुगतान को लेकर कई तरह की परेशानियां सामने आती थीं.

सौरव दास-आशुतोष रांका की जमानत पर चिराग पासवान बोले- ‘अगर बार-बार…’

नई व्यवस्था के तहत अनुदान की राशि सीधे शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है. इससे भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने में मदद मिलेगी. लंबे समय से अनुदान राशि का इंतजार कर रहे कर्मियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है.

दस्तावेजों के आधार पर हो रहा भुगतान

अनुदान का भुगतान विद्यालयों की प्रबंध समितियों से मिली सूची और संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र के आधार पर किया जा रहा है. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर पात्र शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के बैंक खातों में राशि भेजी जा रही है.

जिन संस्थानों की अनुमोदित सूची या डीईओ द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित प्रपत्र अभी तक समिति को नहीं मिला है, उनसे जरूरी दस्तावेज मांगे जा रहे हैं. कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन संस्थानों के कर्मियों को भी अनुदान राशि दी जाएगी.

वित्तरहित विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी लंबे समय से अनुदान राशि मिलने का इंतजार कर रहे थे. इसे लेकर आंदोलन भी हो चुका है. ऐसे में सीधे बैंक खातों में भुगतान शुरू होने से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है.

बिहार: विपक्ष के विरोध पर BJP का पलटवार, चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान

23 अक्टूबर को MLC चुनाव के लिए वोटिंग

बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा. इनमें 4 स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं. चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे. वित्तरहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षक भी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदाता होते हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *