Headlines

’30 साल तक…’, SIR पर हंगामे के बीच अमित शाह की भविष्यवाणी, राहुल के विदेश दौरे पर भी तंज


चुनाव आयोग के एसआईआर को लेकर मचे घमासान और दिल्ली में हुए प्रदर्शनों पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर करारा हमला किया है. उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होगा, जनता के दुख दर्द को समझिए.

अमित शाह ने कहा, ”जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी. ये जनता को कहते हैं देखो वोट चोरी है. वरना अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा? अरे भाई अमित शाह तो यहां जन्मा है. यहां रहता है और यहां ही मरेगा. हर छह माह में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता है. मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं. आप जिस तरह से नकारात्मक राजनीति कर रहे हो. इसके आधार पर मैं कहता हूं कि अगले 30 साल तक 2014 से 30 तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है. मेरी बात सुन लो.” 

राहुल गांधी पर पलटवार

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए पिछले दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. इस दौरान उन्होंने अमित शाह और पीएम मोदी के साथ बीजेपी के अन्य नेताओं के पुराने बयान चलाए और पूछा कि इन्हें पहले से कैसे पता कि बीजेपी कब तक सत्ता में रहेगी. इसी पर अमित शाह ने पलटवार किया है.

अमित शाह ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा, ”अभी-अभी केरल में चुनाव हुआ…यही मतदाता सूची, यही इलेक्शन कमिश्नर, यही ईवीएम…आपने शपथ ले ली, आप चुनाव जीत गए, इलेक्शन कमीशन अच्छा है. तेलंगाना में आप जीत गए इलेक्शन कमीशन अच्छा है. मतदाता सूची भी अच्छी है. हिमाचल में जीत गए तो इलेक्शन कमीशन अच्छा है, मतदाता सूची अच्छी है, तमिलनाडु में जिनका आप सपोर्ट कर रहे हैं, वो जीत गए. इलेक्शन कमीशन अच्छा है, मतदाता सूची अच्छी है और जहां हार जाते हो वहां पर इलेक्शन कमीशन ठीक नहीं है.” 

उन्होंने आगे कहा, ”आपके पक्ष में अगर अदालतें फैसला देती है तो अदालतें अच्छी है. और विपक्ष में फैसला देती है, आपके विरोध में देती है तो अदालतें ठीक नहीं है. ये दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे. राहुल जी जनता आपको जान चुकी है. आप कुछ आसपास के प्रदेशों से कैडर इकट्ठा कर कर दिल्ली में प्रदर्शन कर कर जनता के जनादेश को झुठला नहीं सकते. मैं आज कहने आया हूं देश की जनता आपको देख भी रही है, जान भी रही है.” 

राहुल गांधी के विदेश दौरे पर तंज
अमित शाह ने राहुल गांधी पर वार करते हुए कहा, ”मुझे मालूम है आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते. आप विदेश में कहीं बैठे हो, क्यों बैठे हैं, वह बताते भी नहीं हो. मगर कोई बात नहीं, वह आपकी निजी जिंदगी है. परंतु एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए, मेरी बात सुनकर रखना अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है. भारतीय जनता पार्टी के बूथ के कार्यकर्ता से लेकर नरेंद्र मोदी तक करोड़ों-करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच में रहते हैं. इनके दुख को जानते हैं. दुख का उपाय करने के लिए मेहनत करते हैं.” 

हाल ही में कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वियतनाम दौरे पर गए हैं. बीजेपी ने उनका कथित वीडियो भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर शेयर किया. 

दिल्ली में प्रदर्शनों पर अमित शाह का बयान

गृहमंत्री ने कहा, ”इस प्रकार के राजनीतिक हथकंडों से भीड़ शाही से आप देश के जनादेश को झुठला नहीं सकते. चुनाव जीतना है, तो लोगों के बीच में रहिए. लोगों के दुख दर्द की पूछताछ करिए. धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होगा. जनता के दुख, दर्द, पीड़ा और अव्यवस्था को दूर करने के लिए जहां पर भी चुनकर आए हैं, वहां योजनाएं लाइए. काम करिए. वरना बचा खुचा भी आपका चला जाएगा. कोई नहीं रोक पाएगा.” 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *