सदी के महानायक अमिताभ बच्चन हर रविवार को जलसा के बाहर फैंस से मुलाकात करते हैं. ऐसे में बीते दिनों ही जलसा पर हमला करने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद उनकी सिक्योरिटी को और भी बढ़ा दिया गया. लेकिन इन धमकियों के बीच ये प्रथा टूटी नहीं. अमिताभ बच्चन हर बार की तरह ही फैंस से मिलने के लिए बाहर आए.
दरअसल, शुक्रवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला था. इस ईमेल में बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ पर भी आत्मघाती हमला करने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद बिग बी हाई सिक्योरिटी में नजर आए. जलसा के बाहर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.
अमिताभ बच्चन ने फैंस के प्यार का आभार जताया
रविवार को अमिताभ बच्चन ने अपने खास अंदाज में फैंस से मुलाकात की. उन्होंने हमेशा के जैसे ही जोश से फैंस से मुलाकात की. उन्होंने भीड़ की ओर हाथ हिलाया और उनके प्यार और स्नेह का आभार जताया. इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे. धमकियों के बाद भी फैंस जलसा के बाहर खड़े थे तो उनका इंतजार एक्टर ने जाया नहीं जाने दिया. उनसे मुलाकात कर उनका दिन बना दिया.
यह भी पढ़ें: ‘उड़ता तीर’ ने ओपनिंग वीकेंड में काटा गदर, ‘जेलर 2’ समेत तोड़े 2026 की 9 बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड
अमिताभ बच्चन ने दिया था हेल्थ अपडेट
वहीं, अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जो कि उनकी हेल्थ से जुड़ा था. एक्टर ने अपना हेल्थ अपडेट दिया था. उन्होंने बुधवार को ब्लॉग शेयर किया था और फैंस को चौंका दिया था. बिग बी ने इसमें बताया था कि उन्हें आराम करने और ठीक होने की सलाह दी गई है. इसकी वजह से वो सोशल मीडिया पर रेगुलर पोस्ट नहीं करेंगे.
अमिताभ बच्चन ने टंबलर पोस्ट में लिखा था, ‘अभी और आराम की जरूरत है… खुद को ढाल रहा हूं… सोच-विचार कर रहा हूं… इंसानी शरीर और इसकी अनोखी खूबियों के बारे में.’ हालांकि, बाद में बिग बी ने एक्स पर पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने माफी मांगी थी और कहा था कि डॉक्टर ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है. इसलिए वो कुछ भी लिख पाने की स्थिति में नहीं हैं.
अमिताभ बच्चन का प्रोफेशनल फ्रंट
बहरहाल, अमिताभ बच्चन के प्रोफेशनल फ्रंट के बारे में बात की जाए तो एक्टर इन दिनों रियलिटी शो ‘केबीसी 18’ को होस्ट कर रहे हैं. शो में अक्सर वो खुद से जुड़ा कोई ना कोई किस्सा और कहानी शेयर करते नजर आते हैं. अमिताभ को आखिरी बार तमिल फिल्म ‘वेट्टैयन’ में देखा गया था, जिसमें वो 33 साल बाद रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखे थे.
