Headlines

कांग्रेस के पोस्टर पर सपा सांसद बोले, ‘मांगने में कोई ऐतराज नहीं, लेकिन बीजेपी…’


कांग्रेस के 200 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद रामा शंकर राजभर ने जायज ठहराते हुए कहा कि गठबंधन दल को दावा प्रस्तुत करने का अधिकार है. हर दल चाहता है कि उसे ज्यादा सीटें मिलें. सीट शेयरिंग को लेकर उन्होंने बीजेपी और उसके गठबंधन पर भी निशाना साधा. 

कांग्रेस के 200 सीटों पर दावे को लेकर सपा सांसद रामा शंकर राजभर ने कहा, ”हर दल चाहता है कि अधिक सीटें हमको मिलें लेकिन शुरू से ही हमारे बड़े नेताओं की यह राय है, चाहे वे कांग्रेस पार्टी के हों या समाजवादी पार्टी के हों. उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को पीडीए के साथ हराना है. इसलिए सभी दलों का एक फॉर्मूला होना चाहिए और वह फॉर्मूला है जीत का फॉर्मूला. वह बन चुका है और मैं समझता हूं कि दिवाली तक यह खुशखबरी आप लोगों को मिल जाएगी.”

‘BJP के गठबंधन दल कितना मांग रहे, यह भी विषय’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 200 सीटें मांग रही है. मांगने में कोई ऐतराज नहीं है. उसका परीक्षण हो जाएगा कि उसमें से कितनी सीटें जीती जा सकती हैं, लेकिन बीजेपी के गठबंधन दल कितना मांग रहे हैं, यह भी तो एक विषय है. बीजेपी की जो तीन सीटें पाने वाली हैं, वे 33 मांग रही हैं. जो नौ सीट मांगने वाले हैं, वे 100 मांग रहे हैं. इसलिए मांगने की कोई बात नहीं है. भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए जीत ही मायने रखता है. बहुत जल्दी आप लोगों को यह मालूम हो जाएगा.

अखिलेश के घर के बाहर लगे पोस्टर पर क्या बोले रामा शंकर राजभर?

अखिलेश यादव के घर के बाहर लगे पोस्टर ‘ब्राह्मण शंख बजाएगा, केवट पार लगाएगा’ को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें बुराई क्या है? इसमें तो कोई बुराई नहीं है. आज संपूर्ण उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, भयंकर बेरोजगारी, शिक्षा की दशा, स्वास्थ्य विभाग की दशा, व्यापारियों की दशा, सभी लोगों ने देखी है. मैंने आपसे एक दिन पहले भी कहा था कि 2014 से 2022 तक आम जनता बीजेपी के साथ थी, लेकिन अब खुद को छला हुआ महसूस कर रही है.

2027 में बीजेपी सिमट जाएगी- रामा शंकर राजभर

उन्होंने आगे कहा, ”2024 में 50 प्रतिशत छला हुआ मतदाता समाजवादी पार्टी के साथ आया. भारतीय जनता पार्टी के पास वही राशन, वही पैसा, वही संसाधन थे और हम लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को यूपी में मात दी. ठीक उसी तरह 2027 में सबको साथ लेकर ‘ब्राह्मण शंख बजाएगा, ब्राह्मण नाव चलाएगा, केवट पार लगाएगा’. यह उन समुदायों का उद्गार है और यह सभी लोग मिलकर इस बार बीजेपी से प्रदेश को निजात दिलाएंगे. 2027 में बीजेपी सिमट जाएगी.”

‘ज्ञानेश कुमार के हटने तक इंडिया गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा’

सपा सांसद ने ये भी कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार हटते नहीं हैं, तब तक इंडिया गठबंधन इन वोट चोरों के खिलाफ आंदोलन करता रहेगा. अभी दिवाली बीतने दीजिए और बड़ा आंदोलन होगा. आपको जानकर ताज्जुब होगा कि उत्तर प्रदेश में 87 हजार मतदाताओं का नाम विलोपित किया गया. जब समाजवादी पार्टी ने कारण पूछा, तो कोई कारण नहीं बताया गया. न वे मरे हैं, न घर छोड़कर गए हैं और न कहीं और चले गए हैं, लेकिन 87 हजार मतदाताओं के नाम ऐसे ही काट दिए गए. 

‘ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और तेज होंगे आंदोलन’

उन्होंने कहा, ”लोकतंत्र की लूट करने वालों के खिलाफ अगर विपक्ष आंदोलन नहीं करेगा, तो ऐसे विपक्ष के रहने से कोई फायदा नहीं. जो लोकतंत्र न बचाए, उस विपक्ष की कोई अहमियत नहीं है. लोकतंत्र में विपक्ष की बहुत बड़ी भूमिका होती है. ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बहुत तेज आंदोलन होंगे. जब तक प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदान सूची में शामिल नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा. 

समाजवादी पार्टी के सांसद ने आगे कहा कि यदि ऑनलाइन नाम हटाए जाते रहे, गांव के गांव लोगों के नाम BJP के इशारे पर काटे जाते रहे, तो इतिहास के पन्नों में ज्ञानेश कुमार का नाम काले अक्षरों में लिखा जाएगा. लोकतंत्र में मतदाताओं की आह उन्हें लगेगी और बीजेपी भी उन्हें नहीं बचा पाएगी. 

जेएनयू में दीवार पर लिखे गए नारे पर क्या बोले सपा सांसद?

जामिया के बाद जेएनयू में दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक नारे पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में सत्ता के खिलाफ भारी जनाक्रोश है. उस जनाक्रोश को डायवर्ट करने के लिए कहीं जहाज उड़ाए जा रहे हैं, तो कहीं अपने ही लोगों द्वारा ऐसे-ऐसे पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं. चाहे बलिया का पोस्टर हो, जेएनयू का पोस्टर हो या लखनऊ का पोस्टर, यह सब केवल जनता के आक्रोश से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है. 

उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग अपने संसाधनों और समर्थकों के जरिए यह सब करा रहे हैं. हमारे यहां बनारस में जहाज दिखाई जा रहे हैं. बनारस की जनता बहुत आक्रोश में है और उस आक्रोश से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है.

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अबू आजमी का दावा- ‘2027 में 300 सीटें लाएगी सपा’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *