आज वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2027) का ऑक्शन है, 28 अक्टूबर को कोच्चि में नीलामी का आयोजन होगा. नीलामी के लिए कुल 146 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे. यूपी वॉरियर्स 3.75 करोड़ रुपये के सबसे बड़े पर्स के साथ ऑक्शन में उतरेगी, जबकि मुंबई इंडियंस के पास सिर्फ 90 लाख रुपये बचे हैं.
खासतौर पर यूपी की टीम में बहुत बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. चूंकि सबसे ज्यादा पैसे उसके पास हैं, इसलिए नीलामी में सबसे बड़ी बोली यूपी की तरफ से आने की बहुत अधिक संभावना है. हालांकि RCB, गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के पर्स में भी 1 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम बची है. यहां जान लीजिए WPL 2027 की नीलामी में किन 3 खिलाड़ियों पर सबसे बड़ी बोली लग सकती है.
1. सोफी मॉलिन्यू – 50 लाख बेस प्राइस
सोफी मॉलिन्यू सिर्फ एक बढ़िया स्पिन गेंदबाज ही नहीं हैं. वह लोवर ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सकती हैं और अपने साथ लीडरशिप स्किल्स भी लाती हैं. उन्हीं की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था. मॉलिन्यू की फॉर्म भी शानदार है और 16 विकेट लेकर इस साल ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज बनी हुई हैं. बिडिंग वॉर में यूपी वॉरियर्स भी शामिल हो सकती है, जिसे सीनियर खिलाड़ियों की बहुत जरूरत होगी.
2. चमारी अटापट्टू – 30 लाख बेस प्राइस
श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की मौजूदा कप्तान चमारी अटापट्टू का बेस प्राइस 30 लाख रुपये होगा. वह भी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर खिलाड़ियों में से एक हैं. टी20 में दुनिया की तीसरे नंबर की ऑलआउंडर खिलाड़ी हैं. उन्हें यूपी वॉरियर्स ने रिलीज किया था. अटापट्टू टॉप ऑर्डर में तूफानी बैटिंग करने की काबिलियत रखती हैं और साथ ही स्पिन का मायाजाल बुनने में भी महारत रखती हैं. इसके साथ-साथ कप्तानी का अनुभव भी उन्हें ऑक्शन में खूब सारा पैसा दिला सकता है.
3. वृंदा दिनेश – 10 लाख बेस प्राइस
ऑक्शन से पहले 25 वर्षीय बल्लेबाज वृंदा दिनेश का नाम खूब चर्चा में है. उन्हें वीमेंस प्रीमियर लीग में केवल 10 मैचों का अनुभव है, जिनमें उनके नाम 102 रन हैं. उनके लिए यह साल काफी अच्छा गुजरा है. पहले महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में 176.28 के स्ट्राइक रेट से 171 रन बनाए. उसके बाद उन्होंने इंडिया ए के लिए खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया. महारानी टी20 ट्रॉफी 2026 टूर्नामेंट में 7 पारियों में 256 रन बनाकर बढ़िया फॉर्म को बरकरार रखा. उनके लिए दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच बिडिंग वॉर देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें:
ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा को मारा ताना, 35 गेंद वाली सेंचुरी के बाद लिए मजे, वीडियो वायरल
