अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी छात्र संघ (AMUSU) चुनाव के नतीजे आ गए हैं. इन चुनावों में नोमान अशरफ ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की और मोहम्मद हमदान को सचिव चुना गया है. वहीं फ्रेटरनिटी मूवमेंट की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य और लॉ की छात्रा नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है. नशरा नई छात्रसंघ की पहली महिला उपाध्यक्ष बनीं हैं.
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को 8 सालों के बाद छात्र संघ यूनियन मिल गई है. जिसके बाद अब यूनिवर्सिटी में यूनियन अध्यक्ष के दफ्तरों के ताले खुलेंगे. AMUSU अध्यक्ष पर नोमान अशरफ 7,797 वोट पाकर विजयी हुए, उन्होंने मोहम्मद इंतखाब को हराया. वहीं उपाध्यक्ष पद पर नशरा नईम और मोहम्मद हमदान ने सचिव पद पर बाजी मारी है.
शुक्रवार को हुई थी वोटिंग
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की रिवायत के मुताबिक जो छात्र अच्छी स्पीच देते हैं उन्हें जीते हुए प्रत्याशी के तौर पर मान लिया जाता है. इसका मतलब है कि जो प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंदी से बेहतर स्पीच देगा वहीं चुनाव जीतता है. गुरुवार की रात को फ़ाइनल स्पीच में अलग-अलग छात्रों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात कही, जिसके बाद शुक्रवार को वोटिंग हुई थी.
एएमयूएसयू चुनाव के लिए यूनिवर्सिटी में 13 मतदान केंद्र बनाए गए थे, इन केंद्रों में 5 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम पाँच बजे कर वोटिंग की गई. इस वोटिंग प्रक्रिया में लगभग 22 हज़ार छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. पाँच अलग-अलग रंगों के मतपत्रों के ज़रिए वोटर छात्रों ने अपने मन पसंद उम्मीदवार को वोट किया. जिसके बाद शाम 7 बजे से एनआरएससी क्लब में काउंटिंग की गई.
बता दें कि एएमयू छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 9 उम्मीदवार खड़े हुए थे, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए सात और सचिव पद के लिए 3 उम्मीदवार चुनाव मैदान में खड़े थे. चुनाव के नतीजे आने के बाद अब एएमयू को छात्र संघ की ईकाई मिल गई है. बीते दिनों छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर कई दिनों तक प्रदर्शन भी किए थे.
यह भी पढ़ें: महंगाई बनेगी यूपी चुनाव का मुद्दा? प्रियंका गुप्ता बोलीं- महिलाएं दिखाएंगी ताकत
