दिवाली के दिन दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना थोड़ी बदली हुई टाइमिंग के हिसाब से बनानी होगी. 8 नवंबर (रविवार) को दिवाली के मौके पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य दिनों के मुकाबले एक घंटे पहले बंद हो जाएंगी.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने त्योहार को देखते हुए मेट्रो के समय में बदलाव किया है. इसके तहत सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय 10 बजे रवाना होगी. यह बदलाव एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर लागू रहेगा.
DMRC के मुताबिक, दिवाली की शाम होने वाले उत्सव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. आमतौर पर रविवार को मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 11 बजे अपने टर्मिनल स्टेशन से रवाना होती है, लेकिन इस बार यात्रियों को रात 10 बजे ही आखिरी ट्रेन मिलेगी. इसका मतलब है कि जो लोग दिवाली की शाम मेट्रो से कहीं जाने या घर लौटने की योजना बना रहे हैं, उन्हें सामान्य दिनों के मुकाबले एक घंटे पहले सफर करना होगा. खास बात यह है कि रात 10 बजे का समय सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन के रवाना होने का है.
तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह 6 बजे से शुरू होगी सेवा
दिवाली के दिन सिर्फ शाम की मेट्रो टाइमिंग में ही बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा भी एक घंटे पहले शुरू होगी. रविवार को आमतौर पर पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन पर सुबह 7 बजे से मेट्रो चलती है, लेकिन 8 नवंबर को इन तीनों लाइनों पर सुबह 6 बजे से ही ट्रेन मिलनी शुरू हो जाएगी. यानी सुबह जल्दी सफर करने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा मिलेगा.
पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से मजलिस पार्क/शिव विहार के बीच मेट्रो सेवा सुबह 6 बजे शुरू होगी. वहीं, मैजेंटा लाइन के दो सेक्शन पर भी यही समय लागू रहेगा. इसमें बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक के बीच मेट्रो सुबह 6 बजे से चलेगी. इसके अलावा ग्रे लाइन पर द्वारका से ढांसा बस स्टैंड के बीच भी सुबह 6 बजे से परिचालन शुरू हो जाएगा.
एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी लागू होगा नया समय
DMRC के मुताबिक, रात में आखिरी ट्रेन के समय में किया गया बदलाव किसी एक लाइन तक सीमित नहीं है. यह दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों के साथ एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी लागू होगा. ऐसे में एयरपोर्ट आने-जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को भी रात 10 बजे की आखिरी ट्रेन का ध्यान रखना होगा.
DMRC ने यात्रियों को दी सलाह
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि वे दिवाली के दिन सफर करने से पहले बदले हुए समय को ध्यान में रखें और उसी के हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बनाएं. खासकर रात के समय मेट्रो से घर लौटने वाले यात्री आखिरी ट्रेन के समय को लेकर पहले से जानकारी कर लें, ताकि उन्हें परेशानी न हो. मेट्रो सेवाओं की टाइमिंग या किसी अन्य अपडेट के लिए यात्री DMRC की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल देख सकते हैं.
ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले दिल्ली के बाजारों में आग का तांडव, गफ्फार में 45 दुकानें जलीं, कहीं गोदाम खाक
