Headlines

टीम इंडिया में वापसी की टूटी आस, मोहम्मद शमी का संन्यास; टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा 


भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया. शुक्रवार (06 नवंबर) को शमी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सभी को दीवाली की बधाई दी और इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया. उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी टेस्ट जून 2023 में खेला था, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल था. शमी व्हाइट बॉल क्रिकेट (वनडे और टी20 इंटरनेशनल) में टीम इंडिया के लिए अभी उपलब्ध हैं.

शमी लगातार टेस्ट टीम से नजरअंदाज हो रहे थे. हालांकि वह वापसी की आस में बंगाल के लिए मुसलसल रणजी ट्रॉफी खेल रहे थे. उन्होंने पिछले सीजन रणजी में कमाल की गेंदबाजी करते हुए 36 विकेट चटकाए थे. इस रणजी के सीजन में भी वह बंगाल के लिए मैदान पर थे. तीन मैच में वह 14 विकेट ले चुके थे. 

इमोशनल हुए शमी 

शमी ने वीडियो शेयर करते हुए पहले सबके दीवाली की शुभकामनाएं दीं. कैप्शन में उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास का बात लिखी. उन्होंने लिखा, “सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों से कभी नहीं. जब पहली बार भारत की जर्सी पहनी थी, तब सिर्फ एक ही सपना था- भारत के लिए कुछ कर दिखाने का. उसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ ना कुछ सिखाया.”

भारतीय गेंदबाज ने आगे लिखा, “टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक प्रारूप नहीं, मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है. आज भारी दिल और खूबसूरत यादों के साथ मैं टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर रहा हूं. इस सफर में मेरा साथ देने वाले हर टीम के साथी, कोच, परिवार और उन करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने अच्छे और मुश्किल दोनों वक्त में मुझ पर भरोसा बनाया रखा.”

BCCI और बंगाल क्रिकेट का किया शुक्रिया 

शमी ने लिखा, “बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का भी दिल से शुक्रिया, जिन्होंने मेरे टैलेंट पर भरोसा किया, मुझे आगे बढ़ने के मौके दिए और मेरे क्रिकेट के सफर में एक अहम भूमिका निभाई. आपका साथ और विश्वास मेरे लिए हमेशा खास रहेगा. मैदान पर मेरी आखिरी टेस्ट बॉल भले ही फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेगा. शुक्रिया टेस्ट क्रिकेट. आपका शमी.”

मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर 

शमी ने 64 मुकाबले के साथ अपने टेस्ट करियर का समापन किया. इन मैचों की 122 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 27.71 की औसत से 229 विकेट चटकाए, जिसमें मैच बेस्ट फिगर 9/118 का रहा. शमी 6 बार ‘फाइव विकेट हॉल’ लिए.

 

यह भी पढ़ें: W, W, W, W… लगातार 4 विकेट, ‘डबल हैट्रिक’ से भारतीय गेंदबाज ने रचा इतिहास



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *