लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद में एसआईआर पर उनके साथ खुली बहस के लिए मनाएं. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गृह मंत्री अमित शाह के बयानों का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए. बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मनाइए, कोई भी मंच, कोई भी समय. डरिए मत.’
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को दो क्लिप शेयर किया है. पहला वीडियो 10 दिसंबर, 2025 का है, जिसमें संसद में ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा था कि एसआईआर (SIR) पर संसद के भीतर चर्चा नहीं हो सकती है, क्योंकि अगर चर्चा होती है और कुछ सवाल खड़े किए जाएंगे तो उसका जवाब कौन देगा. दूसरा वीडियो 5 नवंबर 2026 का है. इसमें हरियाणा के करनाल में एक रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाकर एसआईआर पर चर्चा कराने के लिए तैयार है.
अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ़्यूज़ मत कीजिए। बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कोई भी समय। डरो मत। https://t.co/TciYEtNBIt
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 6, 2026
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘अगर आपके पास तथ्य और तर्क हैं, तो संसद के अंदर आकर चर्चा करें. लेकिन आप जवाब झेल नहीं पाएंगे और हमेशा की तरह भाग जाएंगे. संसद में शोर-शराबा, बहिष्कार करने को आपने कांग्रेस का कल्चर बना दिया है. संसद चलने नहीं देनी है और रोड पर भीड़ इकट्ठा करके अराजकता फैलाने वाले की तरह अराजकता फैलानी है.
गृह मंत्री ने कहा था, ‘आप पीएम मोदी को कहते हो स्थान बताओ, वो तो बाद में आएंगे. आप हमें हरियाणा के किसी चौराहे का स्थान बताओ, मेरा युवा मोर्चा का अध्यक्ष आकर आपसे चर्चा करेगा. राहुल गांधी की पार्टी घुसपैठियों के नाम दर्ज कराने के लिए एसआईआर का विरोध कर रही है.’
पीएम मोदी को राहुल गांधी की चुनौती
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री मोदी को बार-बार बहस की चुनौती दे रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री कांग्रेस के लोगों को ‘देशद्रोही’ कहते हैं और यदि वह उनके साथ बहस करते हैं तो वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री देशद्रोही हैं.
