‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है. 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो रहे हैं. इसे देखते हुए अब मेकर्स ने सख्त कदम उठाया है. उन्होंने सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग करने और उसके क्लिप्स सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर शेयर करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म की रिकॉर्डिंग करने या उसके वीडियो को ऑनलाइन शेयर करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
‘रामायण’ के मेकर्स ने बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेशों का दिया हवाला
फिल्म के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मेकर्स ने एक कानूनी नोटिस शेयर किया है. इसमें फिल्म की बिना अनुमति रिकॉर्डिंग करने और उसके वीडियो शेयर करने वालों को चेतावनी दी गई है. मेकर्स ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ लोग सिनेमाघरों में फिल्म के हिस्सों को रिकॉर्ड कर रहे हैं और फिर उन क्लिप्स को अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं.
इस नोटिस में 2 नवंबर और 6 नवंबर 2026 को बॉम्बे हाई कोर्ट की ओर से जारी किए गए दो हालिया आदेशों का भी जिक्र किया गया है.
नोटिस में लिखा है, ‘बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2 नवंबर 2026 और 6 नवंबर 2026 को कमर्शियल आईपी केस में आदेश जारी करते हुए सभी लोगों को बिना अनुमति फिल्म या उसके किसी भी हिस्से की रिकॉर्डिंग करने, अपलोड करने, शेयर करने या किसी अन्य तरीके से प्रसारित करने से रोक दिया है.’
A clear reminder: Unauthorised recording and sharing of the film is prohibited. https://t.co/28fLMDza4N
— The World Of Ramayana (@WorldOfRamayana) November 7, 2026
मेकर्स ने ये भी साफ किया है कि इस तरह की हरकत सिर्फ कॉपीराइट का उल्लंघन नहीं है, बल्कि इसके लिए आपराधिक कार्रवाई भी हो सकती है. नोटिस में कहा गया है कि फिल्म की बिना अनुमति रिकॉर्डिंग करना या उसे शेयर करना कॉपीराइट एक्ट 1957, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और आईटी एक्ट 2000 के तहत दंडनीय अपराध है.
मेकर्स के मुताबिक, ऐसा करने वालों को जेल और जुर्माना दोनों भुगतने पड़ सकते हैं.
मेकर्स ने लीक हुए वीडियो तुरंत हटाने की मांग की
फिल्म की टीम ने उन लोगों से भी तुरंत वीडियो हटाने की अपील की है, जिन्होंने पहले से ही फिल्म के क्लिप्स ऑनलाइन अपलोड कर दिए हैं. मेकर्स ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति वीडियो शेयर करने वालों की शिकायत संबंधित अधिकारियों और उन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से की जाएगी, जहां ये वीडियो मौजूद हैं.
कौन से सीन हो रहे हैं लीक?
सनी देओल की भगवान हनुमान के रूप में पोस्ट-क्रेडिट एंट्री के अलावा फिल्म का एक और क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा में है. हनुमान चालीसा के साथ सनी देओल की ये झलक फिल्म रिलीज के दिन आधिकारिक तौर पर भी शेयर की गई थी. वहीं, दूसरा वीडियो कथित तौर पर फिल्म के इंटरनेशनल वर्जन का बताया जा रहा है, जिसमें ऐसा सीन नजर आ रहा है, जो हिंदी वर्जन में शामिल नहीं था.
ये सीन उस वक्त का है, जब लक्ष्मण शूर्पणखा की नाक काट देते हैं. इसके बाद कुछ असुर शूर्पणखा की मदद के लिए पहुंचते हैं और भगवान राम, लक्ष्मण व माता सीता का सामना करते हैं. इस लीक क्लिप में असुरों और भगवान राम के बीच लंबा एक्शन सीक्वेंस दिखाया गया है, जिसमें राम के असुरों से भिड़ने से पहले के कई पल भी शामिल हैं.
‘रामायण पार्ट 1’ के बारे में
बता दें, ‘रामायण पार्ट 1’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि नमित मल्होत्रा और यश इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म का दूसरा पार्ट अब 2027 की जगह दिवाली 2028 पर रिलीज होगा.
