घर में छिपकली दिखना आम बात है, लेकिन अगर अचानक बड़ा गोयरा नजर आ जाए तो कोई भी घबरा सकता है. कई जगह इसे लेकर ऐसी मान्यताएं हैं कि यह बेहद जहरीला होता है और इसके काटने से इंसान की जान भी चली जाती है. पर गोयरा जहरीला नहीं होता, लेकिन इसके काटने से चोट और संक्रमण का खतरा रहता है. ऐसे में जरूरी है कि घबराकर इसे भगाने या पकड़ने की कोशिश करने के बजाय सावधानी बरती जाए.
क्या गोयरा जहरीला होता है?
गोयरा, जिसे गोह या मॉनिटर लिजर्ड भी कहा जाता है, जहरीला नहीं होता. इसके काटने से शरीर में सांप की तरह जहर नहीं फैलता. यह एक जंगली जानवर है और खतरा महसूस होने पर काटता है या अपनी पूंछ से हमला करता है. इसके काटने से गहरा घाव होता है और संक्रमण का खतरा भी रहता है. इसलिए इसे छेड़ना, पकड़ना या मारने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है. इसे देखकर घबराने के बजाय खुद से दूर रखना और सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है.
यह भी पढ़ें : Amla Storage Tips: आंवला कैसे स्टोर करें कि महीनों चले? आजमाएं दादी-नानी के नुस्खे
सबसे पहले क्या करें?
अगर घर में गोयरा घुस आए, तो सबसे पहले शांत रहें और उससे दूरी बना लें. बच्चों और पालतू जानवरों को उस जगह से दूर कर दें. अगर सुरक्षित हो, तो बाहर जाने वाला दरवाजा खुला छोड़ दें, ताकि उसे निकलने का रास्ता मिल सके. उसे डंडे से भगाने, घेरने या हाथ से पकड़ने की कोशिश न करें. अगर वह बाहर नहीं निकल रही है या किसी कोने में फंस गई है, तो स्थानीय वन विभाग या वन्यजीव रेस्क्यू टीम की मदद लें. खुद उसे पकड़ने का जोखिम न उठाएं.
गोयरा काट ले तो क्या करें?
अगर गोयरा काट ले, तो घाव को तुरंत साबुन और साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोएं. इसके बाद बिना देरी किए डॉक्टर को दिखाएं. डॉक्टर घाव की गंभीरता देखकर जरूरी इलाज, टेटनस से बचाव और अन्य उपचार करेंगे. घाव पर मिट्टी, हल्दी या कोई घरेलू नुस्खा न लगाएं. अगर खून बह रहा है, तो साफ कपड़े से हल्का दबाव देकर उसे रोकने की कोशिश करें. समय पर इलाज कराने से संक्रमण और दूसरी परेशानियों का खतरा कम हो जाता है.
यह भी पढ़ें : Tiles Cleaning Tips: इन रंगों की लगवाएं घर में टाइल्स, हफ्तों तक नहीं दिखेगी धूल और गंदगी
