महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येदशी गांव में दिवाली की रात बड़ा अग्निकांड हो गया. यहां त्योहार की रात एक ही परिवार के 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए एक व्यक्ति को बचाया जा सका, लेकिन अन्य 6 की मौत से इलाके में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि आग घर के अंदर ही लगी थी, उन्हें भागने का समय नहीं मिला.
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार एक किराने की दुकान की ऊपरी मंजिल पर रहता था. माना जा रहा है कि आग दुकान में लगी हो सकती है, जिसके बाद ऊपरी मंजिल पर फैली और लोग वहीं फंस गए. इमारत के बाहर न निकल पाने के कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: कटनी: दिवाली पर भीषण अग्निकांड, दो महीने के मासूम सहित एक ही परिवार के 6 लोग जिंदा जले!
दिवाली के दीप से भड़की थी आग
स्थानीयों ने आग की लपटें देखकर फायर ब्रिगेड को कॉल किया और आधी रात में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए बहुत कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आग दिवाली समारोह के लिए जलाए गए मिट्टी के एक दीपक से लगी थी. हालांकि, सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है. धाराशिव सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने जानकारी दी है कि चार पीड़ित अस्पताल लाए जाने तक दम तोड़ चुके थे.
महाराष्ट्र में कई जगह आग का तांडव
दिवाली के पर्व पर एक ओर खुशियों का माहौल दिखा तो दूसरी ओर कई जगह आग के कहर ने लोगों की खुशियां तबाह कर दीं. अलग-अलग जिलों से आग की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है और कई घायल हैं. ये 6 मौतें धारशिव जिले में हुई हैं. वहीं, मुंबई के कांदीवली, गोरेगांव, डोंगरी, सांताक्रूज, अंधेरी, विद्याविहार में भी आग लगी. इसके अलावा, भिवंडी में 5 जगहों पर आग के हादसे हुए.
ठाणे के 3 रिहायशी इमारत में आग लगने के बाद 50 लोगों का रेस्क्यू किया गया. यहां खुद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पहुंचे थे. बीड में खेती के सामान के गोदाम में आग लगी, तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं. विरार के HDL इमारत में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. वहीं, नवी मुंबई के निर्माणाधीन शोरूम में अग्निकांड सामने आया.
पिंपरी चिंचवड़ में अकेल ही आग की 50 घटनाएं
नागपुर में भी बाइक शोरूम में आग की वजह से कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं. पिंपरी चिंचवड़ में तो आग की 50 से जायदा घटनाएं सामने आईं.
यह भी पढ़ें: दिवाली के बाद UP की हवा जहरीली! लखनऊ, गाजियाबाद-नोएडा में ‘खतरनाक’ AQI
