आज के समय में कानून की पढ़ाई करने वाले युवाओं के सामने करियर के कई विकल्प मौजूद हैं. कोई वकालत के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहता है, तो कोई बड़ी कंपनियों में लीगल एडवाइजर या कॉरपोरेट लॉयर के तौर पर काम करना पसंद करता है. वहीं कुछ लोग सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में ऊंचे पदों पर पहुंचने का सपना देखते हैं. ऐसे में अनुभवी लीगल प्रोफेशनल्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. देश की प्रमुख सरकारी कंपनियों में शामिल GAIL (India) Limited ने अपने लीगल विभाग में भर्ती निकाली है.
इस भर्ती के तहत कंपनी ने चीफ जनरल मैनेजर (लॉ) के पद के लिए आवेदन जारी किए हैं. खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवार को 2.80 लाख रुपये तक के वेतनमान का लाभ मिल सकता है. हालांकि कंपनी ने इसके लिए लंबा कार्य अनुभव और कुछ विशेष योग्यताएं निर्धारित की हैं. ऐसे में अगर आपने LLB या LLM किया है और कई वर्षों से लीगल सेक्टर में काम कर रहे हैं, तो यह भर्ती आपके करियर के लिए एक अच्छा अवसर हो सकती है.
चीफ जनरल मैनेजर के लिए निकली है वैकेंसी
GAIL ने विज्ञापन संख्या GAIL/OPEN/LAW/2/2026 के तहत चीफ जनरल मैनेजर (Law) के एक पद पर भर्ती निकाली है. यह पद E-8 ग्रेड का है और अनारक्षित श्रेणी के लिए निर्धारित किया गया है. GAIL देश की प्रमुख प्राकृतिक गैस कंपनियों में शामिल है. यह प्राकृतिक गैस के परिवहन, मार्केटिंग और वितरण जैसे क्षेत्रों में काम करती है. ऐसे बड़े संगठन में लीगल विभाग की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण होती है. कंपनी को कानूनी विवादों, कॉन्ट्रैक्ट, नियमों और विभिन्न व्यावसायिक समझौतों से जुड़े मामलों में विशेषज्ञों की जरूरत होती है.
पद के लिए शैक्षणिक योग्यता
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन के साथ LLB की डिग्री होनी चाहिए. इसके लिए दो विकल्प दिए गए हैं. पहला किसी भी विषय में ग्रेजुएशन में कम से कम 50 परसेंट अंक और तीन साल के प्रोफेशनल LLB कोर्स में कम से कम 50 परसेंट अंक. दूसरा पांच साल के इंटीग्रेटेड LLB कोर्स में कम से कम 50 परसेंट अंक. इसके अलावा लॉ में मास्टर डिग्री यानी LLM करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता के हिसाब से अधिक लाभ मिल सकता है.
यह भी पढ़ें: Gen Z Baba: कितने पढ़े-लिखे हैं वायरल जेन जी बाबा, कहां से की है उन्होंने पढ़ाई?
24 साल का अनुभव होना जरूरी
इस भर्ती की सबसे अहम शर्त अनुभव है. उम्मीदवार के पास 2 दिसंबर 2026 तक कम से कम 24 साल का पोस्ट-क्वालिफिकेशन एग्जीक्यूटिव अनुभव होना चाहिए. इसमें कम से कम 16 साल का अनुभव लीगल फंक्शन में होना अनिवार्य है. यह अनुभव केंद्र या राज्य सरकार के विभागों, सरकारी उपक्रमों और प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में काम करने का हो सकता है. बड़े लॉ फर्म में एडवोकेट के रूप में अधिकतम आठ साल का अनुभव भी निर्धारित शर्तों के अनुसार शामिल किया गया है. इसके लिए संबंधित बार काउंसिल में पंजीकरण जरूरी होगा. निजी कंपनियों या बड़े लॉ फर्म में काम कर रहे उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम सालाना CTC 35 लाख रुपये की शर्त भी रखी गई है.
52 साल तक की आयु निर्धारित
चीफ जनरल मैनेजर (लॉ) के पद के लिए वेतनमान 1,20,000 रुपये से लेकर 2,80,000 रुपये तक निर्धारित किया गया है. शुरुआती बेसिक पे 1,20,000 रुपये होगा. इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, अन्य सुविधाएं और परफॉर्मेंस रिलेटेड पे भी दिया जाएगा. आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम आयु 2 दिसंबर 2026 तक 52 साल होनी चाहिए. दिव्यांग उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
ऐसे करें आवेदन
GAIL की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 2 दिसंबर 2026 शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए सबसे पहले GAIL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. अब वेबसाइट के Careers सेक्शन में जाएं. GAIL/OPEN/LAW/2/2026 भर्ती का नोटिफिकेशन खोलें और ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें. अब शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें. इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन ग्रुप डिस्कशन या इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर कंपनी आवेदनों की संख्या के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग भी कर सकती है.
यह भी पढ़ें: BPSC 71st Mains Result 2026: BPSC 71वीं मेंस परीक्षा का रिजल्ट जारी, 3392 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
