भारत और न्यूजीलैंड का तीसरा वनडे मैच आज हैमिल्टन में खेला जाएगा. यह मैच भारत और न्यूजीलैंड, दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. एक तरफ टीम इंडिया सीरीज में 3-0 से बढ़त बनाकर इतिहास रच सकती है, दूसरी ओर कीवी टीम की 7 साल की बादशाहत खतरे में है. दरअसल न्यूजीलैंड पिछले साल से अपने घर पर कोई वनडे सीरीज नहीं हारा है.
आखिरी बार जब न्यूजीलैंड को अपने घर पर किसी ODI सीरीज में हार मिली थी, वह भारत के खिलाफ ही आई थी. साल 2019 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड जाकर उसे सीरीज में 4-1 से हराया था. उसके बाद 7 साल बीत चुके हैं, लेकिन दुनिया की कोई भी टीम कीवियों को उसी के घर में चित्त नहीं कर पाई है.
पिछले सात साल में बांग्लादेश आया, वेस्टइंडीज आया और पाकिस्तान समेत कई अन्य टीम न्यूजीलैंड दौरे पर गईं, लेकिन वनडे सीरीज में कोई उसे चित्त नहीं कर पाया. आज अगर भारतीय टीम तीसरा मैच जीतकर सीरीज में 3-0 की बढ़त बना लेती है, तो वह सीरीज भी जीत लेगी. हालांकि ऐसा करना आसान नहीं होगा, क्योंकि हैमिल्टन के सेडोन पार्क पर न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड बहुत शानदार है.
न्यूजीलैंड को हराना आसान नहीं
हैमिल्टन का सेडोन पार्क मैदान न्यूजीलैंड का गढ़ रहा है. इस मैदान पर उसका भारत के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड 6-1 का रहा है. वहीं कीवी टीम इस मैदान पर 13 मैचों से अजेय रही है. हालांकि मौजूदा सीरीज का तीसरा मैच बल्लेबाजी के लिए कतई आसान नहीं होगा. बारिश के कारण परिस्थितियां अलग होंगी और पिच की नमी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है.
हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच 125 वनडे मैच खेले गए हैं. इनमें 65 बार टीम इंडिया और 52 बार न्यूजीलैंड ने बाजी मारी है. उनका एक मुकाबला टाई रहा था और 7 मुकाबलों का कोई परिणाम नहीं निकल सका.
यह भी पढ़ें:
ICC टेस्ट टीम रैंकिंग में बदलाव, वेस्टइंडीज ने लगाई छलांग; कहां है टीम इंडिया?
