Headlines

व्हाइट हाउस के पास टकराई कार, पूरे परिसर में लगा लॉकडाउन, ट्रंप अंदर थे मौजूद


अमेरिका के राष्ट्रपति भवन यानी व्हाइट हाउस की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है. एक संदिग्ध तेज रफ्तार कार सोमवार (9 नवंबर 2026) सुबह लाफायेट स्क्वायर के पास सुरक्षा बैरिकेड को तोड़ते हुए साइनपोस्ट से जा टकराई. इस घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर पूरे व्हाइट हाउस में लॉकडाउन लगा दिया गया.

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे 16वें और एच स्ट्रीट चौराहे के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से जारी वीडियो में कार के बोनट से धुआं निकलता साफ देखा जा सकता है. सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता के मुताबिक, हादसे के बाद कार चला रहा शख्स पुलिसकर्मियों से उलझने लगा, जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया.

इसी बीच, पास में ही सुरक्षा बैरिकेड फांदने की कोशिश कर रहे एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में ले लिया गया. घटना के वक्त मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों को सुरक्षा कारणों से तुरंत व्हाइट हाउस की इमारत के भीतर जाने के निर्देश दिए गए.

व्हाइट हाउस में मौजूद थे ट्रंप

कार में किसी तरह का विस्फोटक होने की आशंका को देखते हुए स्नेफर डॉग्स और वाशिंगटन मेट्रोपॉलिटन पुलिस की ‘एक्सप्लोसिव ऑर्डिनेंस डिस्पोजल’ (EOD) टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने वाहन की बारीकी से जांच की. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जब यह घटना हुई, तब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे. हादसे के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने राष्ट्रपति भवन के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी, जबकि पुलिस कार्रवाई के चलते लाफायेट पार्क से सटे सभी रास्तों को बंद कर दिया गया.

हाल ही में बंदूक के साथ पकड़ा गया था संदिग्ध

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी ने 6 नवंबर को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी देने वाले एक अवैध प्रवासी को व्हाइट हाउस के पास से गिरफ्तार किया गया. आरोपी मूल रूप से वेनेजुएला का नागरिक है और उसकी गाड़ी से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद हुए थे.

यह घटना गुरुवार (5 नवंबर) शाम की है. ‘कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू’ पर खड़ी एक गाड़ी में संदिग्ध हरकत देखकर सीक्रेट सर्विस के जवानों ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने हैरान करने वाला दावा किया. उसने कहा कि उसे सिर में आवाजें आ रही थीं, जो उसे वाशिंगटन जाकर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने को कह रही थीं जांच में गाड़ी चोरी की निकली. तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी से एक राइफल, दो पिस्तौल और कई कारतूस मिले, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *