पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती 14 नवंबर को है. इससे ठीक पहले उद्धव गुट के नेता और सांसद संजय राउत आज (13 नवंबर) कांग्रेस दफ्तर पहुंचे. यहां उन्होंने जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर फूल अर्पण किए. इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह जवाहर लाल नेहरू नहीं बन सकते हैं, आज देश को नेहरू की जरूरत है.
संजय राउत ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने कभी अपने आलोचकों के फोन टैप नहीं करवाए और न ही उनके पीछे एजेंसियां लगाईं. ‘जियो और जीने दो’, यही उनका मंत्र था. आज हर किसी को लगता है कि देश को नेहरू की जरूरत है. नेहरू के विचारों से ही यह देश आगे बढ़ेगा. मोदी और उनके लोग नेहरू की छवि को खराब करने की कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन इस देश में आखिरी दम तक जवाहर लाल नेहरू ही रहेंगे.
‘अगर उद्देश्य महान होगा, तो सिद्धांतों का अंश भी भीतर उतरेगा’
शिवसेना (UBT) नेता ने कहा, ”नेहरू हमारे जीवन का एक हिस्सा हैं. साल 1956 में IIT खड़गपुर के उद्घाटन के समय पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भाषण दिया था. उन्होंने उसी समय मोदी को पहचान लिया था. उन्होंने कहा था कि आप अपने आपको किसी बड़े काम से जोड़िए, तब उस काम की महानता आपके भीतर भी उतर जाएगी. अगर उद्देश्य महान होगा, तो उसके सिद्धांतों का अंश भी आपके भीतर उतरेगा. अगर आप उन्हीं छोटी-छोटी बातों में उलझे रहेंगे, तो आपका व्यक्तित्व भी छोटा ही रह जाएगा. यह बात आज के प्रधानमंत्री पर बिल्कुल सटीक बैठती है.”
आज के पीएम ने त्याग का एक भी उदाहरण पेश नहीं किया- राउत
उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रधानमंत्री खुद को फकीर मानते हैं और त्याग की बातें करते हैं, लेकिन पिछले एक साल में उन्होंने त्याग का एक भी उदाहरण पेश नहीं किया है. उन्होंने कहा, ”जवाहर लाल नेहरू ने आनंद भवन देश को समर्पित कर दिया था, इसी बात से मोदी को नाराजगी है. देश की राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के लिए नेहरू को याद करना जरूरी है.
यहां नेहरू थे, इसलिए देश आगे बढ़ा- संजय राउत
संजय राउत ने ये भी कहा, ”हम जिस पार्टी से आए हैं, हमने हमेशा उसकी भी आलोचना की है. आज अगर बालासाहेब ठाकरे पीएम मोदी का कामकाज देखते, तो वे भी कहते कि आज देश को नेहरू की जरूरत थी. यहां नेहरू थे, इसलिए देश आगे बढ़ा. वहां जिन्ना थे, इसलिए पाकिस्तान की ऐसी हालत हुई. सार्वजनिक जीवन में सत्ता के नाम पर भ्रष्टाचार चल रहा है. फिलहाल नेहरू के परिवार को बदनाम करने का अभियान चल रहा है, लेकिन उनकी छवि पूरे देश में व्याप्त है. यही मोदी की हताशा है.”
संजय राउत ने नेहरू और चर्चिल का किया जिक्र
उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कहा, ”जब जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री बने, तब उनकी ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल से चर्चा हुई थी. चर्चिल ने उनसे पूछा कि आप हमारे जेल में कितने समय तक रहे थे? नेहरू ने जवाब दिया, 10 साल. इस पर चर्चिल ने कहा कि आपके मन में हमारे प्रति बहुत ज्यादा द्वेष और नफरत होगी? तब नेहरू ने जवाब दिया कि हमने ऐसे नेता के नेतृत्व में काम किया है, जिन्होंने हमें दो बातें सिखाई हैं- डरो मत और किसी से नफरत मत करो. जब हम आपके सामने तब नहीं डरे, तो अब आपसे नफरत क्यों करेंगे?”
राउत ने नेहरू के विरोधी कवि नागार्जुन का सुनाया किस्सा
राउत ने आगे कहा, ”नेहरू अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सच्चे प्रणेता थे. नेहरू ने आलोचकों की कविता सुनी, लेकिन ED-CBI नहीं लगाई. नेहरू का जन्मदिन था, इस अवसर पर दिल्ली में हरिवंश राय बच्चन की पहल पर एक कवि सम्मेलन आयोजित किया गया था. खुद इंदिरा गांधी कवियों को आमंत्रित कर रही थीं. वह नागार्जुन के घर भी गईं. नागार्जुन नेहरू के विरोधी थे. उन्होंने कहा कि तुम्हारे पिता मेरी कविता नहीं सुनेंगे. लेकिन इंदिरा गांधी के आग्रह पर वे कार्यक्रम में पहुंचे.
राउत ने बताया, ”नेहरू के सामने मंच पर नागार्जुन ने यह कविता पढ़ी, “वतन बेचकर पंडित नेहरू फूले नहीं समाते, फिर भी गांधी के संबंधियों पर झुक-झुक कर फूल चढ़ाते हैं.” नेहरू ने उनकी कविता को सहन किया, लेकिन इसके लिए नागार्जुन के पीछे ED या CBI नहीं लगाई. अगले साल उन्होंने नागार्जुन के नाम की पद्मश्री के लिए सिफारिश की और उन्हें पद्मश्री सम्मान मिला.
राउत ने कार्टूनिस्ट शंकर का भी किया जिक्र
उन्होंने आगे बताया कि पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू ने कार्टूनिस्ट शंकर के साथ भी उदारता दिखाई थी. मैंने अपनी किताब ‘बोध कीर्तन’ में इसका जिक्र किया है. शंकर नाम के एक प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट थे. उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का गधे के रूप में एक कार्टून बनाया था. आज के समय में ऐसा करने पर उनकी नौकरी चली गई होती. लेकिन उसी शाम नेहरू ने शंकर को फोन किया और पूछा, “क्या आज शाम आप गधे के साथ चाय पीना पसंद करेंगे?” शंकर उनके घर गए. दोनों ने बातचीत की, लेकिन नेहरू ने उस कार्टून का जिक्र तक नहीं किया. यही पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन की सबसे बड़ी विशेषता थी.
नेहरू ने बनाए आधुनिक मंदिर- संजय राउत
संजय राउत ने कहा, ”राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करना आज के प्रधानमंत्री का काम है, जवाहरलाल नेहरू का नहीं था. सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय तत्कालीन राष्ट्रपति और नेहरू के बीच मतभेद हुए थे. धर्मनिरपेक्ष संविधान के प्रमुख होने के बावजूद राष्ट्रपति के वहां जाने को लेकर उनके बीच मतभेद थे. मंदिर बनाना सरकार का काम नहीं है और आठ दिन तक वहां जाकर बैठना भी सरकार का काम नहीं है.”
उन्होंने कहा कि नेहरू ने कई आधुनिक मंदिर बनाए. उन्होंने विश्वविद्यालय स्थापित किए, बांध बनाए, पांच IIT की स्थापना की, विदेशी संस्थाओं के साथ संबंध स्थापित किए और परमाणु ऊर्जा परियोजनाएं शुरू कीं. उन्होंने देश को वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिया. इसमें डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भी योगदान था. नेहरू अपने आप में एक महान नेता थे. उन्होंने देश की मजबूत नींव रखी. उन्होंने कभी खुद को दैवीय अवतार नहीं माना. उन्होंने एक सामान्य इंसान के रूप में जो काम किया, वह आज हमारे सामने है.
नेहरू भाषावाद और प्रांतवाद के खिलाफ थे- संजय राउत
राउत ने बताया कि पूर्व पीएम नेहरू ने मुंबई देने से इनकार किया था, लेकिन भाषावाद और प्रांतवाद के आधार पर देश के पुनर्गठन को लेकर उनकी अलग भूमिका थी. उनकी सोच थी कि राष्ट्र की एकजुटता प्रभावित नहीं होनी चाहिए. आंध्र प्रदेश का गठन हुआ और उसके बाद राज्यों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हुई. नेहरू ने अपने आलोचकों को भी मंत्रिमंडल में जगह दी थी. आज कोई ऐसा विचार भी नहीं कर सकता.
नेहरू ने दुनिया को एक नई विचारधारा दी- राउत
उन्होंने कहा, ”आज कहा जाता है कि नवरात्रि में मुसलमानों को शामिल नहीं होना चाहिए, मुसलमानों को दिवाली नहीं मनानी चाहिए, इस तरह के विचार पहले कभी नहीं थे. इससे समझ में आता है कि आज के सत्ताधारी कितने संकीर्ण हैं और नेहरू कितने महान थे. नेहरू ने दुनिया को एक नई विचारधारा दी, एक नई दिशा दी. पूरे विश्व को नए विचार दिए. ऐसे व्यक्तित्व बहुत कम पैदा होते हैं.
‘अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच…’, छगन भुजबल का NCP विलय पर बड़ा खुलासा
