राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया है. उन्होंने बीजेपी पर चुनाव में गड़बड़ी करने, सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने और धनबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया. जूली ने कहा कि पंचायत चुनाव के नतीजे आने पर बीजेपी को अपनी स्थिति का अंदाजा हो जाएगा. उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था और उसका वोट प्रतिशत गिरा था.
टीका राम जूली ने कहा, “इस चुनाव के जब नतीजे आएंगे, तब बीजेपी को उसका आईना साफ नजर आ जाएगा. नगर निकाय चुनाव में भी बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा था. ये चाहे कुछ भी कहें, चेयरमैन भले ही इन्होंने ज्यादा बना लिए हों, लेकिन वोट प्रतिशत में बीजेपी का ग्राफ गिरा था और कांग्रेस का बढ़ा था.”
राजस्थान पंचायत चुनाव: आखिरी चरण आज, 11905 बूथों पर वोटिंग; शाम को नतीजे
परिसीमन और वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल
जूली ने परिसीमन और मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “परिसीमन में बेईमानी हुई थी, कई तरह की गड़बड़ियां थीं. वही सब अब इन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया है. लेकिन वोट प्रतिशत की बात करें तो कांग्रेस का बढ़ेगा और बीजेपी का घटेगा, यह तय है.”
Jaipur, Rajasthan: On Panchayat elections, Assembly LoP Tika Ram Jully says, ”When the results of this election come out, the BJP will clearly see its true reflection in the mirror. Even in the municipal body elections, the BJP faced a crushing defeat. Regardless of what they claim, they might have managed to get more chairpersons elected, the vote percentage of the BJP fell, while that of the Congress increased. There was dishonesty in delimitation and several other things. They have done much of the same in the rural (elections) as well..”
— IANS (@ians_india) November 16, 2026
उन्होंने आगे कहा, “इन्होंने खूब बेईमानियां की हैं. पुरानी वोटर लिस्ट से चुनाव कराए हैं. एसआईआर (SIR) लागू होने के बाद जो नई वोटर लिस्ट बनी थी, उससे चुनाव नहीं कराए गए. परिसीमन में भी इन्होंने बहुत बेईमानी की है. पूरे चुनाव के दौरान जिस तरह से प्रक्रिया को लंबा खींचा गया है, वह भी अपने आप में सवाल खड़े करता है.”
चुनाव प्रक्रिया लंबी खींचने पर भी सवाल
टीका राम जूली ने चुनाव की प्रक्रिया और बाड़ाबंदी को लेकर कहा, “22 अक्टूबर से वोट डाले जा रहे हैं और चुनाव की प्रक्रिया तो दूसरे सप्ताह में ही शुरू हो गई थी. तब से लेकर अब तक, 28 नवंबर को जाकर लोग पूरी तरह से फ्री होंगे. यानी चुनाव की पूरी प्रक्रिया में इतना लंबा समय लगाया गया है. बाड़ाबंदी के लिए भी काफी समय दिया गया है.”
उन्होंने कहा, “इन लोगों ने खरीद-फरोख्त करने और प्रशासनिक दबाव बनाने के लिए इतना समय दिया है. इस तरह की तमाम कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन ये कामयाब नहीं हो पाएंगे.”
जयपुर में बस ने एंबुलेंस समेत कई गाड़ियों में मारी टक्कर, 1 की मौत, 17 घायल
जूली ने आगे कहा, “खूब धनबल का इस्तेमाल किया जा रहा है और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग भी हो रहा है, लेकिन ये चुनाव नहीं जीत पाएंगे. जीत कांग्रेस की होगी. आमजन का समर्थन कांग्रेस को मिला है और चुनाव के जो नतीजे आएंगे, वे बहुत अच्छे होंगे.”
