राजस्थान के करौली जिले में महिला के साथ रेप और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना करौली-हिण्डौन मार्ग पर अंजनी माता मंदिर के पास जंगल की है. पुलिस ने जंगल में ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, महिला रविवार सुबह शौच के लिए जंगल की तरफ गई थी. इसी दौरान वहां कुछ लोग पहले से शराब पी रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान महिला के साथ रेप किया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई.
राजस्थान पंचायत चुनाव: आखिरी चरण आज, 11905 बूथों पर वोटिंग; शाम को नतीजे
करौली के एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में एक व्यक्ति पर रेप करने की बात सामने आई है. वहीं, दूसरे व्यक्ति पर भी रेप की कोशिश करने या घटना में शामिल होने का शक है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
विरोध करने पर महिला के चेहरे पर आई चोटें
पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोपियों का विरोध किया. इस दौरान मौके पर संघर्ष भी हुआ. मारपीट के चलते महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद महिलाएं और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
ड्रोन से जंगल में चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया. एक आरोपी को ड्रोन की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पकड़ लिया गया. पुलिस को आशंका है कि घटना में शामिल अन्य लोग भी जंगल में छिपे हो सकते हैं. उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है. घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है. दोनों टीमें मौके की जांच कर रही हैं.
जयपुर में बस ने एंबुलेंस समेत कई गाड़ियों में मारी टक्कर, 1 की मौत, 17 घायल
घायल महिला को करौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.
