साल 2026 खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है और नए साल 2027 की शुरुआत होने में अब एक से डेढ़ महीने का ही वक्त बचा है. ये साल जहां बॉक्स ऑफिस के लिहाज से अच्छा साबित हुआ वहीं, इसका आने वाला साल 2027 भी काफी धमाकेदार होने वाला है. इसकी झलक पहले ही महीने जनवरी में ही देखने के लिए मिलने वाली है.
दरअसल, जनवरी 2027 में धमाकेदार फिल्में रिलीज होने वाली हैं. इसमें बॉलीवुड और साउथ की 6 बड़ी फिल्मों के नाम शामिल हैं, जो सिनेमाघरों में बवाल मचाते हुए नजर आने वाली हैं. इस लिस्ट में मोस्ट एंटीसिपेटेड फिल्मों के नाम हैं. देखिए पूरी लिस्ट…
गोलमाल 5 Vs महाकाली
2027 का पहला क्लैश ‘गोलमाल 5’और ‘महाकाली’ के बीच होने वाला है, जिसे 8 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. ‘महाकाली’ में अक्षय खन्ना जैसे सितारे अहम रोल में नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर दर्शकों में काफी बज बना हुआ है. वहीं, फिल्म ‘गोलमाल 5’ अजय देवगन की हिट फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ का पांचवा पार्ट है, जिसके जरिए अजय देवगन एक बार फिर से सिनेमाघरों में दर्शकों को हंसाते हुए नजर आने वाले हैं.
काका Vs पोकेट नॉवल
वहीं, जनवरी 2027 में दूसरा क्लैश साउथ फिल्मों का पोंगल के मौके पर होने वाला है. इसमें चिरंजीवी और विजय सेतुपति आमने-सामने दिखाई देने वाले हैं. दोनों की फिल्म 13 और 14 जनवरी को रिलीज होने वाली है. चिरंजीवी स्टारर फिल्म ‘काका’ को 13 जनवरी को रिलीज किया जाएगा जबकि विजय की फिल्म ‘पॉकेट नॉवल’ को 14 जनवरी को रिलीज किया जा रहा है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि साउथ की कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बाजी मार पाती है.
लव एंड वॉर Vs द प्राइड ऑफ भारत
संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को भी जनवरी में ही रिलीज किया जाएगा. इसे 21 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है, जिसके जरिए पहली बार विक्की कौशल, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की तिकड़ी स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाली है. वहीं, शादी के बाद पहली बार रणबीर और आलिया एक साथ किसी फिल्म में स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं.
जबकि इसी के साथ ही सिनेमाघरों में ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज’ को भी 21 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. ऐसे में ये जनवरी 2027 की तीसरा बड़ा क्लैश होने वाला है. दोनों ही फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच एक्साइटमेंट है. अब देखना होगा कि बॉक्स ऑफिस पर किसका नया साल जश्न से भरपूर होने वाला है.
