Headlines

‘यह देशद्रोह है’, भारत समिट में इटैलियन नेता के ‘वोट चोर’ के नारे पर भड़की BJP, FIR की मांग


हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ में यूरोपीय समाजवादियों की पार्टी (PES) के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक द्वारा “वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा लगाए जाने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है. तेलंगाना बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सोमवार को शमशाबाद स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और इस मामले को “देश के खिलाफ द्रोह” बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

यह विवाद 14 नवंबर को हुए उस कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे. फिलिबेक ने अपने संबोधन में आरोप लगाया था कि भारत में लोकतंत्र पर “हमला” हो रहा है और उन्होंने कांग्रेस पार्टी के समर्थन में यह नारा लगाया.

फिलिबेक की टिप्पणी पर भड़की बीजेपी 

रामचंदर राव का कहना है कि एक विदेशी राजनीतिक व्यक्ति का भारत की चुनावी प्रक्रिया और राजनीतिक नेतृत्व पर टिप्पणी करना और इस तरह के नारे लगाना गंभीर मामला है. उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर फिलिबेक किस वीजा श्रेणी पर भारत आए थे और क्या उनकी गतिविधियां वीजा की शर्तों के तहत वैध थीं?

बीजेपी नेता ने कहा है कि यह मामला सिर्फ राजनीतिक मतभेद का नहीं, बल्कि विदेशी हस्तक्षेप का है. उन्होंने आरोप लगाया कि समिट के आयोजकों ने भी जानबूझकर इस विदेशी नेता को मंच दिया और उनके बयान को बढ़ावा दिया. रामचंदर राव ने कहा कि अगर जांच में यह साबित होता है कि फिलिबेक ने अपने वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया है, तो यह देशद्रोह के समान है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.

DGP को पत्र

रामचंदर राव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और जांच शुरू करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस घटना की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग और सबूत सुरक्षित रखे जाएं और यह पता लगाया जाए कि क्या यह कोई सुनियोजित साजिश का हिस्सा था. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन बीजेपी ने इसे लेकर राजनीतिक दबाव बनाना शुरू कर दिया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *