Headlines

‘खाने की मेज पर पापा की गोद में बैठती थीं मां’, राहुल गांधी ने सुनाया दोनों के प्यार का किस्सा


‘हर बार खाना खाते समय पापा की गोद में मां बैठती थीं. मुझे लगता था कि यह सामान्य बात है.” कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन के मौके पर अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा यह दिलचस्प किस्सा सुनाया. 

नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राहुल ने बताया कि उनके पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी के बीच कितना गहरा प्यार था. उन्होंने कहा कि बचपन में उन्हें माता-पिता का इस तरह साथ रहना बिल्कुल सामान्य लगता था. यहां तक कि एक बार उन्होंने अपने दोस्त से पूछ लिया था कि तुम्हारी मां तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं? इस दौरान राहुल ने पिता की हत्या के बाद मां की जिंदगी में आए बदलावों को भी भावुक अंदाज में बयां किया.

हर खाने के समय पापा की गोद में बैठती थीं मां

राहुल गांधी ने बताया कि उनके माता-पिता के बीच प्यार केवल खास मौकों पर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों में भी दिखाई देता था. उन्होंने कहा, ”हर बार खाने के समय पापा होते थे और उनकी गोद में मां बैठी होती थीं. मुझे लगता था कि यह सामान्य बात है.” राहुल ने बताया कि माता-पिता के इस व्यवहार को देखकर उन्हें लगता था कि सभी परिवारों में ऐसा ही होता होगा. एक बार उन्होंने अपने दोस्त से भी पूछ लिया था कि तुम्हारी मां तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं?

‘किताब में दिखेगी पापा की मौत से पहले वाली मां’

सोनिया गांधी की किताब का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि इसमें पाठकों को उनकी मां का वही रूप देखने को मिलेगा, जो राजीव गांधी की मौत से पहले हुआ करता था. किताब के कवर पर लगी तस्वीर और झूले पर उल्टा लटकी सोनिया गांधी की तस्वीर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मां असल में ऐसी ही थीं. वह हंसती थीं, मस्ती करती थीं और बेहद खुशमिजाज थीं. राहुल ने कहा कि पिता की मौत से पहले उनकी मां का व्यक्तित्व काफी अलग था, लेकिन इस घटना ने उन्हें पूरी तरह बदल दिया.

‘पहले दादी को गोली मारी गई, फिर पापा के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए’

राहुल गांधी ने अपने परिवार पर हुए दो बड़े हमलों को याद करते हुए दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि परिवार ने एक के बाद एक अपने दोनों बड़े सहारे खो दिए. राहुल ने कहा, ”पहले हमने अपने एक सहारे को गोली लगते देखा और फिर अपने सबसे बड़े सहारे को टुकड़े-टुकड़े होते देखा.” उनका इशारा इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या और राजीव गांधी की बम धमाके में हुई हत्या की ओर था.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *