दिल्ली के विवेक विहार इलाके में आज (मंगलवार, 17 नवंबर) एक मकान की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया. मलबे में दबे एक ही परिवार के 6 लोगों में से दो की मौत हो गई है. मरने वालों में तीन साल की मासूम बच्ची थी. फायर डिपार्टमेंट को आज सुबह करीब 10.13 पर सूचना मिली जिसके बाद दो फायर ब्रिगेड मौके के लिए निकलीं. दिल्ली पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहीं और रात एवं बचाव कार्य के तहत सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. रेस्क्यू टीम के आने से पहले ही स्थानीय लोग भी अंदर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश करते रहे.
जहां हादसा हुआ वह इलाका विवेक विहार फेज-2 का है. मकान पतली संकरी गलियों में बना था, जहां राहत पहुंचाना प्रशासन के लिए थोड़ा मुश्किल साबित हो रहा था. फायरकर्मी, दिल्ली पुलिस और लोकल लोगों ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला है. वहीं, बताया गया था कि सभी घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही थी. अब उसकी मौत की खबर सामने आई है.
यह भी पढ़ें: कैप्टन अमरिंदर की कांग्रेस में होगी वापसी? अब पार्टी की तरफ से आया बड़ा बयान
हादसे के पीड़ितों के नाम आए सामने
अभी तक की जानकारी में हादसाग्रस्त मकान की पहली मंजिल पर 3 साल की बच्ची खुशबू और 27 साल के देवांश मौजूद थे. वहीं, ग्राउंड फ्लोर पर 30 वर्षीय पिंटू, 36 वर्षीय विकेश, 25 वर्षीय आकाश और 22 वर्षीय दिलीप मौजूद थे. हादसे में बच्ची खुशबू और पिंटू की मौत हो गई है. ये सभी इस मकान में किराये पर रह रहे थे. मकान के मालिक का नाम सुरेंद्र सिंह बताया जा रहा है. पुलिस अब आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
दिल्ली इमारत हादसे का कारण अज्ञात
अभी तक पुलिस यह पता नहीं लगा पाई है कि इस बड़े हादसे के कारण क्या हैं? फिलहाल, पुलिस पूरी जांच कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह करीब 10.00 बजे उन्होंने बहुत तेज आवाज सुनी. जब जाकर देखा कि फेज-2 का एक मकान पूरी तरह से ढह दया है. चारों तरफ धूल का गुबार था. चीख-पुकार मच गई. आसपास के काफी लोग वहां इकट्ठा हो गए. उन्हीं में से किसी एक ने पुलिस को कॉल किया तो किसी ने फायर डिपार्टमेंट को कॉल किया. इस बीच स्थानीय लोगों ने मदद आने का इंतजार नहीं किया, बल्कि खुद ही मलबा हटाना शुरू कर दिया. गनीमत रही कि आस-पड़ोस के लोगों ने मदद करने में देर नहीं की और मलबे में दबे लोगों को तुरंत बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी. समय रहते ही मलबे से लोगों को निकाल लिया गया.
हादसाग्रस्त मकान करीब ढाई मंजिला बताया जा रहा है, जिसका ऊपर का हिस्सा पूरी तरह ढह गया. यह कैसे हुआ और इसका कारण क्या था, अभी यह कहना मुश्किल होगा.
यह भी पढ़ें: दिवाली के पटाखे ने छीनी 12 साल की बच्ची की आंख! पड़ोसी पर केस दर्ज
