टेलीविजन प्रोड्यूसर और एक्टर रघु राम 12 साल बाद लोकप्रिय एडवेंचर रियलिटी शो ‘रोडीज रीबर्थ’ में वापसी करने जा रहे हैं. शो की गैंग लीडर नेहा धूपिया रघुराम की इस वापसी से नाखुश नजर आ रही हैं. नेहा धूपिया ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि रघु की वापसी से वह बहुत घबराई हुई हैं.
रघु राम की रोडीज में वापसी से डरीं नेहा धूपिया
नेहा ने कहा, ‘उनकी वापसी से मैं बहुत डरी हुई हूं. काश, वह इस सीजन में नहीं होते. गेम में वे पहले जो ट्विस्ट लेकर आए थे, उसने हमें काफी चौंकाया था. दरअसल, जब वे पहली बार आए थे, तो हमें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि आगे क्या होने वाला है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगली बार जब वे फिर से लौटे, तो वे हमें और भी ज्यादा चौंकाने वाले ट्विस्ट लेकर आए थे. अब तो बस यही चाहते हैं कि हम अपना काम आराम से कर लें और रघु अचानक से न आ जाएं.’
रघु राम का रहा है खास अंदाज
बता दें कि रघु राम ने साल 2003 में शो ‘रोडीज’ की शुरुआत और डायरेक्शन में अहम भूमिका निभाई थी. वो शो के पहले सीजन से लेकर 11वें सीजन तक जज और मास्टरमाइंड जुड़े रहे. उनके सख्त रवैये और तीखे सवालों के चलते उन्हें टीवी का सबसे कड़क जज माना जाता था.
साल 2014 में क्रिएटिव बातों को लेकर असहमति और प्रोड्यूसर्स के दखल की वजह से रघुराम ने अपने भाई राजीव लक्ष्मण के साथ यह शो छोड़ दिया था. 12 साल के लंबे समय बाद रघुराम एक बार फिर शो के 21वें सीजन ‘रोडीज रिबर्थ’ में वापसी कर रहे हैं. इस बार वे एक खास और नई शक्ति के साथ वापसी कर रहे हैं, जिससे वे कंटेस्टेंट्स के ‘मौत या पुनर्जन्म’ जैसे बड़े फैसले करेंगे.
35 से ज्यादा देशों में देखा जाता है शो
‘एमटीवी रोडीज’ सबसे लंबे समय तक चलने वाले एडवेंचर रियलिटी शोज में से एक है और इसका क्रेज इंडियन सीमाओं के बाहर भी कई देशों में देखने को मिलता है. रोडीज की लोकप्रियता को देखते हुए इसे दुनिया भर के 35 से अधिक देशों में दिखाया जाता है .
