अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से बातचीत की खबरों के बीच युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है. उन्होंने कहा कि यह कदम तेहरान के बिखरे हुए नेतृत्व को सात सप्ताह से जारी युद्ध समाप्त करने के लिए एक संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है.
ट्रंप ने ये ऐलान उस समय किया है, जब 8 अप्रैल को घोषित दो सप्ताह का युद्धविराम कुछ ही घंटों में समाप्त होने वाला था. इसके साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद यात्रा भी टल गई हैं, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता प्रस्तावित थी. हालांकि, ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अमेरिका ईरान पर हमला करने से केवल तब तक परहेज करेगा, जब तक उसका नेतृत्व बातचीत के लिए एक संयुक्त प्रस्ताव पेश नहीं करता. उन्होंने कहा कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकेबंदी जारी रहेगी.
US डेलीगेशन ने टाली पाकिस्तान की यात्रा
जेडी वेंस और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा जेरेड कुशनर को मंगलवार को इस्लामाबाद रवाना होना था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा मंगलवार को नहीं होगी.
शहबाज ने ट्रंप को बोला- थैंक्यू
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बुधवार को आभार जताया. शहबाज ने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक शांति समझौते पर पहुंचने में सक्षम होंगे.पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जैसा भरोसा और विश्वास जताया गया है, पाकिस्तान बातचीत के जरिए संघर्ष के समाधान के लिए अपने गंभीर प्रयास जारी रखेगा. मुझे पूरी उम्मीद है कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करते रहेंगे और इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की वार्ता में संघर्ष के स्थायी अंत के लिए एक व्यापक शांति समझौता करने में सक्षम होंगे.
जेडी वेंस के नेतृत्व में इस्लामाबाद आया था अमेरिकी डेलीगेशन
गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में जेडी वेंस ने ईरान के साथ 21 घंटे तक चर्चा की थी, जो विफल रही थी. उस समय ईरान ने परमाणु संवर्धन (nuclear enrichment) रोकने और अपना 440 किलोग्राम उच्च संवर्धित यूरेनियम सौंपने की अमेरिकी मांग को ठुकरा दिया था.
