Bird Flu Vaccine Price: देश में मुर्गीपालन करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है. अब मुर्गियों को बर्ड फ्लू जैसी खतरनाक बीमारी से बचाने के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे. केंद्र सरकार ने बर्ड फ्लू (H5N1) की पहली स्वदेशी वैक्सीन देश को समर्पित की है. इसकी एक खुराक की कीमत सिर्फ 1 से 2 रुपये रखी गई है.
यानी छोटे मुर्गीपालक भी आसानी से अपनी मुर्गियों को इस बीमारी से बचाने के लिए वैक्सीन लगवा सकेंगे. इससे पोल्ट्री कारोबार को होने वाले करोड़ों रुपये के नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लैब भी शुरू की गई है, जो पशुओं को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करेगी.
सिर्फ 1 से 2 रुपये होगी एक खुराक की कीमत
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन देश को समर्पित की. इस वैक्सीन को H5N1 वायरस से मुर्गियों को बचाने के लिए तैयार किया गया है. इसकी सबसे खास बात इसकी कीमत है. एक खुराक के लिए सिर्फ 1 से 2 रुपये खर्च करने होंगे. इससे छोटे और सीमित संख्या में मुर्गियां पालने वाले किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
दरअसल, भारत में बर्ड फ्लू का पहला मामला 2006 में सामने आया था. उस समय करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हो गई थी. संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारना भी पड़ा था. इसके बाद 2021 में करीब 9 लाख और इस साल 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई.
मुर्गियों में कैसे फैलता है बर्ड फ्लू?
- बर्ड फ्लू एक संक्रामक बीमारी है, जो H5N1 वायरस की वजह से फैलती है.
- यह बीमारी संक्रमित मुर्गियों और दूसरे पक्षियों के संपर्क में आने से फैल सकती है.
- संक्रमित पक्षियों की बीट, नाक और मुंह से निकलने वाले तरल पदार्थ से भी वायरस फैल सकता है.
- दूषित दाना-पानी और मुर्गी पालन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से भी दूसरी मुर्गियां संक्रमित हो सकती हैं.
- बर्ड फ्लू होने पर मुर्गियों को सांस लेने में परेशानी, सुस्ती और दाना-पानी कम खाने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं.
- गंभीर संक्रमण होने पर मुर्गियों की अचानक मौत भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: कहीं बूढ़ी भैंस तो नहीं खरीद रहे आप? ऐसे करें पहचान
मुर्गियों में बर्ड फ्लू फैलने पर क्या करें?
अगर मुर्गियों में बर्ड फ्लू के लक्षण दिखाई दें या अचानक कई मुर्गियों की मौत होने लगे, तो सबसे पहले उन्हें दूसरी मुर्गियों से अलग कर दें. बिना सुरक्षा के बीमार या मरी हुई मुर्गियों को हाथ न लगाएं. तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सक या पशुपालन विभाग को इसकी जानकारी दें, ताकि जांच कराई जा सके. संक्रमित जगह से मुर्गियों, अंडों, दाने और उपकरणों को दूसरी जगह न ले जाएं. पोल्ट्री फार्म में साफ-सफाई रखें और बाहर से आने वाले लोगों की आवाजाही सीमित करें.
यह भी पढ़ें: सर्दियों में पशुओं को निमोनिया से कैसे बचाएं? जानें आसान तरीके
