Headlines

राजभर-निषाद, अनुप्रिया और जयंत की डिमांड बढ़ाएगी BJP की टेंशन! कहीं फेल न हो जाए मिशन-27?


उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संभावित यूपी दौरे को भी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. इस बीच NDA में सीट बंटवारे का मुद्दा बीजेपी के लिए चुनौती बन सकता है. दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार बीजेपी के सहयोगी दलों की संख्या बढ़ गई है और सभी सहयोगी दल ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं.

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी उत्तर प्रदेश में अपने सहयोगी दलों को करीब 55 से 60 विधानसभा सीटें दे सकती है. ऐसे में पार्टी 340 से 350 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर सकती है. हालांकि, अभी सीट बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. सहयोगी दलों की बढ़ती दावेदारी के बीच बीजेपी के सामने सभी को संतुष्ट रखने और अपने चुनावी समीकरण को मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी.

उत्तर प्रदेश में फिलहाल बीजेपी के साथ अपना दल (एस), निषाद पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल (RLD) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) गठबंधन में हैं. यानी 2022 के मुकाबले NDA में दो सहयोगी दल बढ़ चुके हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 376 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था. उस समय गठबंधन में अपना दल (एस) और निषाद पार्टी ही शामिल थे. अब चार सहयोगियों के बीच सीटों का बंटवारा करना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा.

अपना दल (एस) की 30-35 सीटों पर नजर

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) इस बार पहले के मुकाबले ज्यादा सीटों पर दावेदारी कर सकती है. पार्टी की ओर से 30 से 35 सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चा है. 2017 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने 11 सीटों पर चुनाव लड़कर 9 सीटें जीती थीं, जबकि 2022 में 18 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए लगातार संगठनात्मक गतिविधियां भी कर रही है. अनुप्रिया पटेल लखनऊ, सोनभद्र, मऊ और घाटमपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन कर चुकी हैं. पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन भी प्रस्तावित है. ऐसे में बीजेपी के सामने अपना दल (एस) की मांग और सीटों पर जीत की संभावना के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी.

निषाद पार्टी आरक्षण के मुद्दे के साथ ज्यादा सीटों की दावेदार

संजय निषाद की निषाद पार्टी भी इस बार ज्यादा सीटों की मांग कर सकती है. 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था. इनमें 10 सीटों पर पार्टी के चुनाव चिह्न और 6 सीटों पर बीजेपी के चुनाव चिह्न से प्रत्याशी उतारे गए थे. संजय निषाद लगातार निषाद समाज को अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी में आरक्षण देने की मांग उठा रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर 21 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘दिल्ली चलो’ सम्मेलन भी आयोजित किया गया था.

वहीं अतरौलिया और चौरीचौरा जैसी सीटों को लेकर सहयोगी दलों के बीच दावेदारी सामने आने की चर्चा है. ऐसे में सीटों का बंटवारा तय करते समय बीजेपी को सहयोगियों के बीच संभावित टकराव भी रोकना होगा.

RLD की पश्चिमी यूपी से आगे विस्तार की तैयारी

जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल भी इस बार ज्यादा सीटों की दावेदारी कर सकती है. 2022 के विधानसभा चुनाव में RLD ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी. इस बार पार्टी की नजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा आगरा, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस जैसे क्षेत्रों पर भी है.

आगरा के किरावली में जयंत चौधरी की रैली को पार्टी के संगठन विस्तार की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. ऐसे में RLD पश्चिमी यूपी में अपने प्रभाव के साथ दूसरे क्षेत्रों में भी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है.

सुभासपा की पूर्वांचल में ज्यादा सीटों पर नजर

ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी बीजेपी से अधिक सीटों की उम्मीद कर रही है. 2022 में सुभासपा ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और 18 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे. अब पार्टी NDA का हिस्सा है और पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक पकड़ के आधार पर ज्यादा सीटों की दावेदारी कर सकती है. पार्टी की कोशिश करीब 18 सीटों के आसपास हिस्सेदारी हासिल करने की बताई जा रही है.

सहयोगियों की मांगों के बीच बीजेपी के सामने बड़ी चुनौती

2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने सिर्फ विपक्षी दलों से मुकाबला करने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि गठबंधन के भीतर सीटों का संतुलन बनाना भी अहम होगा. चारों सहयोगी दल अपनी राजनीतिक ताकत, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय प्रभाव के आधार पर ज्यादा सीटें चाहते हैं. वहीं बीजेपी के सामने उन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का विकल्प भी बनाए रखने की चुनौती है, जहां पार्टी खुद को मजबूत मानती है. वहीं अतरौलिया और चौरीचौरा जैसी सीटों पर दावेदारी का टकराव भी सीट बंटवारे को मुश्किल बना सकता है. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *