जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने बुधवार को एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि रियासी जिले के 30 आतंकवादी, जो साल 1991 से 2003 के बीच लापता हो गए थे. अब पाकिस्तान में बैठकर आतंकी नेटवर्क चला रहे हैं. ये लोग जम्मू-कश्मीर में हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेजकर इलाके में आतंकवाद को फिर से जिंदा करने की नापाक कोशिश कर रहे हैं.
पुलिस प्रमुख ने बताया कि माहोर पुलिस स्टेशन को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि माहोर और चसाना के रहने वाले 30 आतंकवादी, जो 1991 से 2003 के बीच लापता हो गए थे, भारत के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए हथियारों की ट्रेनिंग लेने पाकिस्तान चले गए थे.
हिजबुल के लिए कर रहे हैं काम
DGP ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ये लोग अब पाकिस्तान में हिजबुल मुजाहिदीन (HM) के लिए काम कर रहे हैं. वे जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेज रहे हैं. साथ ही वे यहां के युवाओं को भड़काकर और कट्टरपंथी बनाकर उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं.”
ये है 30 आतंकवादियों की पहचान
पाकिस्तान से काम कर रहे इन 30 आतंकवादियों की पहचान इस प्रकार है: शाडोल के मोहम्मद कय्यूम, शजरू के मोहम्मद सबदार, खौर के रहने वाले गुलाम मोहम्मद और गुलाम कादिर (दोनों समदू के बेटे), खौर के ही मुश्ताक अहमद और दादा के रहने वाले खुशहाल हुसैन. इस लिस्ट में कर्मकथा के रहने वाले अब्दुल मजीद, मोहम्मद रफीक (उर्फ शब्बीर), शब्बीर अहमद और मंजूर अहमद; शजरू के रहने वाले मखना और अलाफ दीन; लार के अब्दुल मजीद; शजरू के गुलाम मोहम्मद (उर्फ गामा) और सिलधार के मुश्ताक अहमद के नाम भी शामिल हैं.
अन्य पहचाने गए लोगों में शाडोल के मोहम्मद यूसुफ खकमत (उर्फ बिलाल), चकरास के मोहम्मद इकबाल और मोहम्मद अशरफ, लाध के गुलाम मोहम्मद, शिब्रास के अब्दुल हामिद नजर (उर्फ महमदू), सिलधार के जमाल दीन और चिकलास के तालिब हुसैन शामिल हैं. बाकी नामों में लढ़ के रहने वाले मोहम्मद रफीक और गामी गुज्जर, तुल्ली के मोहम्मद रफीक, कुंदरधन के मोहम्मद कासिम, बालमतकोट के अब्दुल हामिद, बागोदास के शब्बीर अहमद, कुंदरधन के मोहम्मद रफीक और हसोते के मोहम्मद अली शामिल हैं.
2024 में महोर पुलिस ने इन कथित आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक और इम्प्रोवाइज्ड सामग्री नियंत्रण प्रावधानों, और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं के तहत FIR दर्ज की. DGP ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और पांच ऐसे कथित आतंकवादियों की पहचान की. जो हथियारों और गोला-बारूद की ट्रेनिंग लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे. ये लोग सीमा पार से इलाके में आतंकवादी गतिविधियों को फिर से शुरू करने की कोशिशों में सक्रिय रूप से शामिल थे और इसके लिए उन्होंने आतंकवाद को फंड देने के मकसद से अपनी जमीनें बेच दी थीं.
इनकी पहचान महोर तहसील के शाडोल निवासी मोहम्मद कय्यूम (उर्फ अब्दुल कय्यूम), बिडर निवासी बशीर अहमद (उर्फ मासूम), अरनास तहसील के हुंडर निवासी शौकत अली, थुरू तहसील के खंती निवासी मंजूर अहमद (उर्फ मंजूर हुसैन) और थुरू के ही इम्तियाज अहमद के रूप में हुई है.
ये भी पढ़ें: मेक इन इंडिया से अमेरिका को क्यों लग रहा डर? जानें टैरिफ की धमकी के पीछे क्या है रणनीति
