Headlines

‘अगर भारत ने शेख हसीना का प्रत्यर्पण नहीं किया तो…’, PAK पहुंचे बांग्लादेशी स्पीकर ने दी धमकी


बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर जारी सियासी तूल पकड़ता जा रहा है. इस बीच बांग्लादेश के संसद अध्यक्ष हफीज उद्दीन अहमद ने कहा है कि अगर भारत अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को प्रत्यर्पित करने से इनकार करता है तो बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) का दरवाजा खटखटा सकता है.  बीबीसी उर्दू की गुरुवार की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की अपनी छह दिवसीय यात्रा के दौरान अहमद ने यह बात कही.

उन्होंने आगे कहा कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें सीधे जेल जाना होगा. बांग्लादेश राजनयिक माध्यमों से उनके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रहा है. भारत ने बांग्लादेश के अनुरोध मिलने की बात तो स्वीकार की है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं सुनाया है. भारत का कहना है कि इस मामले की जांच तय प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है.

अहमद ने 16 दिसंबर को हसीना के बांग्लादेश लौटने की खबरों को भी खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि यह घोषणा केवल उनके समर्थकों का हौसला बनाए रखने के लिए की गई थी. उन्होंने दावा किया कि हसीना अगले 10 सालों तक वापस नहीं लौटेंगी.

हसीना के प्रवक्ता ने क्या कहा?

हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को लौटने की योजना बना रही हैं. बांग्लादेश में हसीना को गंभीर कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. 2024 के विद्रोह के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई घातक कार्रवाई के मामले में, एक विशेष न्यायाधिकरण ने उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई है. 16 दिसंबर वह दिन है जब बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी जीत का जश्न मनाता है. हसीना ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और इस मुकदमे की वैधता पर सवाल उठाए हैं.

पाकिस्तान की यात्रा के दौरान अहमद का आरोप

पाकिस्तान की यात्रा के दौरान अहमद ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में बांग्लादेश एक तरह से पड़ोसी देश की कॉलोनी बन गया था. हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर भारत का नाम नहीं लिया. अहमद सेना के पूर्व कैप्टन हैं. उन्होंने मुक्ति संग्राम के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ बगावत की थी. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि 1971 में भारत ने बंगालियों की मदद नहीं की, बल्कि पाकिस्तान को कमजोर करने में भूमिका निभाई. उन्होंने कश्मीर का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इसे संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार सुलझाया जाना चाहिए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *