Headlines

ITR नहीं भरा तो क्या होगा? जानिए किन लोगों के लिए 30 नवंबर है आखिरी मौका


अगर आपने अभी तक वित्तीय वर्ष 2025-26 का इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल नहीं किया है, तो पहले यह जानना जरूरी है कि क्या आप पर 30 नवंबर की डेडलाइन लागू होती है. ज्यादातर टैक्सपेयर्स के लिए रिटर्न भरने की सामान्य डेडलाइन खत्म हो चुकी है. यह समय-सीमा सभी नौकरीपेशा लोगों या आम टैक्सपेयर्स के लिए नहीं है, बल्कि कुछ खास कारोबारियों, कंपनियों और प्रोफेशनल्स पर लागू होती है.

इनकम टैक्स एक्ट के तहत ट्रांसफर प्राइसिंग के नियमों में आने वाले कारोबारियों और प्रोफेशनल्स के लिए असेसमेंट ईयर 2026-27 का ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है. वहीं, डेडलाइन चूकने पर लेट फीस और बकाया टैक्स पर ब्याज देना पड़ सकता है.

किन लोगों के लिए 30 नवंबर है आखिरी तारीख?

इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के सेक्शन 92E के तहत आने वाले टैक्सपेयर्स को 30 नवंबर तक रिटर्न फाइल करना होगा. इसमें वे कारोबारी और कंपनियां शामिल हैं, जिन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुछ खास अंतरराष्ट्रीय या घरेलू संबंधित-पक्ष लेनदेन किए हैं और जिनके लिए अकाउंटेंट की रिपोर्ट जरूरी है.

उदाहरण के तौर पर भारत में काम करने वाली कोई कंपनी अगर अपनी विदेशी ग्रुप कंपनी के साथ कारोबार करती है, तो लेनदेन की प्रकृति के आधार पर उस पर ये नियम लागू हो सकते हैं. वहीं, कुछ फर्मों के पार्टनर और तय शर्तें पूरी होने पर उनके जीवनसाथी भी इस डेडलाइन के दायरे में आ सकते हैं. लेकिन सिर्फ किसी फर्म में पार्टनर होने से यह तारीख अपने आप लागू नहीं हो जाती है.

ITR देर से भरने पर कितनी लगेगी फीस?

अगर कोई पात्र टैक्सपेयर 30 नवंबर तक रिटर्न दाखिल नहीं करता है, तो इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 234F के तहत 5,000 रुपए तक लेट फीस लग सकती है. हालांकि, जिनकी कुल आय 5 लाख रुपए से ज्यादा नहीं है, उनके लिए यह फीस 1,000 रुपए है.

इसके अलावा सेक्शन 234A के तहत बकाया टैक्स पर हर महीने या महीने के किसी हिस्से के लिए 1% ब्याज भी देना पड़ सकता है. ये ब्याज तय तारीख के बाद से रिटर्न दाखिल करने तक की जाती है.

कौन-से डॉक्युमेंट्स रखने होंगे तैयार?

टैक्स एक्सपर्ट CA निशांत शंकर के मुताबिक, पात्र कारोबारियों और कंपनियों को समय रहते जरूरी कागजात तैयार रखने चाहिए. इनमें ऑडिट किए गए वित्तीय दस्तावेज, टैक्स ऑडिट रिपोर्ट, ट्रांसफर प्राइसिंग रिपोर्ट यानी फॉर्म 3CEB, फॉर्म 26AS, AIS, TIS, बैंक स्टेटमेंट, आय का ब्योरा और टैक्स भुगतान की रसीदें शामिल हैं.

प्याज 116%, फ्लाइट 43% और इलेक्ट्रॉनिक्स 7.75% महंगे, सरकार ने क्या बताया?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *