अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ट्रंप प्रशासन के भीतरखाने मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस को यह संदेह है कि पेंटागन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को युद्ध की जमीनी हकीकत के बारे में सटीक जानकारी नहीं दे रहा है.
युद्ध की ‘जमीनी हकीकत’ छिपा रहा पेंटागन?
रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन आठ सप्ताह से चल रहे इस संघर्ष में अमेरिकी सेना के प्रदर्शन की जमकर तारीफ कर रहे हैं और जोर देकर कह रहे हैं कि उन्होंने ईरान की वायु सेना, नेवी और रक्षा बुनियादी ढांचे को तबाह कर दिया है. साथ ही अमेरिकी हथियारों का भंडार अभी भी काफी ज्यादा है, लेकिन’द अटलांटिक’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेडी वेंस ने बंद दरवाजों के पीछे हुई बैठकों में इन दावों पर बार-बार सवाल उठाए हैं.
ट्रंप को दी जा रही है युद्ध की गलत जानकारी?
रिपोर्ट के मुताबिक वेंस का मानना है कि ट्रंप के सामने युद्ध की जो तस्वीर पेश की जा रही है, वह सच्चाई से दूर हो सकती है. उन्हें विशेष रूप से अमेरिकी मिसाइल भंडार में आई भारी कमी की चिंता सता रही है. प्रशासन के सीनियर अफसरों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि वेंस ने मिसाइल सिस्टम की उपलब्धता पर चिंता जताई है. उनका मानना है कि अगर ईरान युद्ध में इसका इसी तरह इस्तेमाल जारी रहा तो भविष्य में चीन, उत्तर कोरिया या रूस के साथ संभावित संघर्षों में अमेरिका के पास पर्याप्त संसाधन नहीं बचेंगे.
यह भी पढ़ें – ‘अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होता तो…’, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के बयान पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप
दावा किया जाता है कि जेडी वेंस शुरुआत से ही ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के भी खिलाफ थे. उन्होंने चेतावनी दी थी कि इससे नुकसान होगा. बता दें कि वेंस ने ही पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शांति वार्ता के पहले दौर का नेतृत्व किया था, जो असफल रहा. दूसरे दौर की बातचीत भी इस सप्ताह रद्द कर दी गई है. वहीं, गौर करने वाली बात यह है कि जेडी वेंस सार्वजनिक रूप से हेगसेथ की तारीफ कर रहे हैं, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक निजी बैठकों में रणनीतिक योजना की पोल खोल रहे हैं. कुछ अधिकारियों का कहना है कि हेगसेथ वही सब कहते हैं, जो राष्ट्रपति ट्रंप सुनना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें – ‘खराब हो रहे ईरान के हालात’, ट्रंप का बड़ा दावा- होर्मुज ब्लॉकेड खोलने के लिए तेहरान ने किया अनुरोध
