दिल्ली में सोमवार (8 जून) को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई है. इस बैठक के बीच राजनीति गरमाई हुई है. बैठक में आम आदमी पार्टी और डीएमके शामिल नहीं हुई है. इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक को यह अघाड़ी कहते हैं लेकिन यह घमंडी विघाड़ी है.
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, “इनको इतना घमंड है कि प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर अनाप-शनाप आरोप लगाते हैं. इनके पास एकता नहीं है. कोई गंभीरता नहीं है. इनकी जो हार हुई है इसलिए इनका मनोबल पूरी तरह टूट गया है.” शिंदे ने आगे कहा, “अब यह कुछ दिखाने के लिए साथ में आने की कोशिश में हैं.”
आप-डीएमके को लेकर क्या बोले एकनाथ शिंदे?
एकनाथ शिंदे ने आम आदमी पार्टी और डीएमके के गठबंधन की बैठक में शामिल न होने पर कहा, “इसमें आप-डीएमके भी नहीं थी, क्योंकि इनको डर है कि इंडिया गठबंधन में जाएंगे तो हारेंगे. जैसे आप पार्टी भी हार गई. डीएमके, टीएमसी, शिवसेना यूबीटी, आरजेडी भी हार गई. यह जैसे ही इंडिया गठबंधन में जाते तो हार जाते.” उन्होंने बताया, “इसी डर से यह कन्नी काट रहे हैं.”
उन्होंने आगे, “कई लोग इस बैठक से इस वजह से ही दूर रहे, क्योंकि उनको भी पता है कि कांग्रेस की भूमिका क्या है.” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “छोटे-छोटे दलों को हराकर कांग्रेस खुद विपक्ष बनना चाहती है, इसलिए बाकी दल दूर भाग रहे हैं. कुछ लोग इसमें डिजिटली फेसबुक लाइव के जरिए जुड़े और एक दूसरे का मूंह देखे बिना चले गए.”
एकनाथ शिंदे ने इंडिया गठबंधन को लेकर सवाल उठाया, “ये कैसा इंडिया गठबंधन है, ये तो हारे हुए लोगों का गठबंधन है, जिनके पास कोई मनोबल नहीं बचा है. यह फेल हुए सारे लोग इकट्ठा हुए हैं.”
Rajya Sabha Election: छगन भुजबल पर सुप्रिया सुले का बड़ा बयान, ‘अगर वह दिल्ली जाना चाहते हैं तो…’
