मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्य रेलवे स्टेशन, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन के बाद अब निशातपुरा रेलवे स्टेशन भी यात्रियों के लिए शुरू होने जा रहा है. बढ़ती आबादी और शहर के उत्तरी हिस्से के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोपाल के आउटर पर निशातपुरा रेलवे स्टेशन बनाने की योजना करीब तीन साल पहले तैयार की गई थी. स्टेशन का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा कर लिया गया था, लेकिन रेलवे की प्रशासनिक प्रक्रियाओं और अन्य कारणों के चलते इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल पा रहा था.
abp न्यूज़ पर खबर आने के बाद स्टेशन शुरू होने की हुई घोषणा
इस बीच abp न्यूज़ ने कुछ दिन पहले स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बावजूद उसके शुरू नहीं होने और सरकारी धन खर्च होने के बाद भी जनता को सुविधा नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था. साथ ही अपनी रिपोर्ट में स्टेशन तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड तैयार नहीं होने का मामला भी सामने रखा था.
abp न्यूज़ पर खबर आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भोपाल से लेकर दिल्ली तक रेलवे अधिकारियों से इस मामले में जवाब-तलब किया. इसके बाद भोपाल में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने घोषणा की कि स्टेशन को अब शुरू किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (27 जुलाई) शाम मुख्यमंत्री मोहन यादव और पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संयुक्त रूप से निशातपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे.
दतिया उपचुनाव: चंद्रशेखर आजाद की रैली, दामोदर यादव प्रत्याशी
स्टेशन पर यात्रियों के लिए जरूरी तैयारियां कर ली गई पूरी
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, फिलहाल यहां भोपाल से गुजरने वाली मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-वेरावल एक्सप्रेस का अप और डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव रहेगा. रेलवे का दावा है कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और एप्रोच रोड से जुड़ी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर दी गई हैं. अब इस स्टेशन के शुरू होने से भोपाल के उत्तरी क्षेत्र के लोगों को रेल यात्रा में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
दतिया में कांग्रेस को बड़ा झटका, अब इस नेता ने छोड़ा पद
