AI Revolution In Cinema: दशकों से सिनेमाघरों की बड़ी स्क्रीन पर जादू बिखेरने वाली फिल्मों का निर्माण हमेशा से ही भारी-भरकम फिल्म स्टूडियोज की चारदीवारी के अंदर होता आया है. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के विस्तार और AI की तूफानी एंट्री ने इस पूरी पारंपरिक व्यवस्था की नींव को थोड़ा तो हिलाया है. आज तकनीक इतनी आगे निकल चुकी है कि एक लैपटॉप पर बैठा अकेला क्रिएटर भी बिना किसी स्टूडियो के शानदार विजुअल्स तैयार कर सकता है. तकनीक के इस दौर में सवाल यह उठता है कि क्या एआई के इस आधुनिक युग में पारंपरिक फिल्म स्टूडियोज का वजूद खत्म हो जाएगा, या फिर वे खुद को इस बदलाव के मुताबिक ढाल लेंगे? आइए जानते हैं कि इस तकनीकी क्रांति के बीच फिल्म स्टूडियोज का भविष्य क्या होगा?
पारंपरिक फिल्म निर्माण की विरासत
अब तक फिल्म स्टूडियो केवल कंक्रीट और कैमरों के ठिकाने नहीं रहे हैं, बल्कि ये उन सपनों के कारखाने रहे हैं जहां लकड़ी, प्लास्टर और रंगों से भव्य महलों, सड़कों और अलौकिक दुनिया के सेट तैयार किए जाते थे. इन विशाल परिसरों में हफ्तों और महीनों तक सैकड़ों तकनीशियन, लाइटमैन, कलाकार और निर्देशक मिलकर एक-एक दृश्य को बिल्कुल असली बनाते हैं. दुनिया के सबसे बड़े फिल्म निर्माण केंद्रों में शुमार रामोजी फिल्म सिटी, जो पिछले तीन दशकों से भारतीय सिनेमा की रीढ़ रही है, इस पूरी परंपरा और भव्यता की सबसे बड़ी मिसाल है. यहां हर तरह की फिल्मों के लिए वास्तविक वातावरण तैयार किया जाता रहा है, जिसने भारतीय सिनेमा को एक अलग पहचान दी है.
फिल्म स्टूडियोज के सामने AI की बड़ी चुनौतियां
फिल्म निर्माण की दुनिया में एआई और आधुनिक तकनीकों के आने से पारंपरिक स्टूडियोज के सामने कई गंभीर और नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं. सबसे बड़ा बदलाव वर्चुअल प्रोडक्शन के बढ़ते चलन के रूप में सामने आया है. अब मेकर्स को भारी-भरकम बजट खर्च करके भौतिक सेट बनवाने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि एलईडी वॉल और एआई-जनरेटेड डिजिटल वातावरण कुछ ही पलों में किसी भी शहर, जंगल या अंतरिक्ष का नजारा स्क्रीन पर उतार देते हैं. इससे बाहर जाकर शूटिंग करने या पूरे शहर को लॉक करके लंबी अनुमति लेने की जरूरत काफी हद तक कम हो गई है.
यह भी पढ़ें: Delhi Air Pollution: दिल्ली में किस वक्त की हवा ज्यादा खतरनाक, रात या सुबह की?
कम बजट के क्रिएटर्स और बदलता वर्कफ्लो
तकनीक के विस्तार ने स्वतंत्र और कम बजट में फिल्म निर्माण का एक नया दौर शुरू कर दिया है. छोटे फिल्म निर्माता और स्वतंत्र क्रिएटर्स अपने घर बैठे ही एआई टूल्स और क्लाउड-आधारित प्लेटफॉर्म्स की मदद से हाई क्वालिटी के ग्राफिक्स, शॉर्ट फिल्में और विज्ञापन तैयार कर रहे हैं.
इस तकनीकी सुगमता ने बड़े स्टूडियोज के उस पुराने एकाधिकार को सीधी चुनौती दी है, जो कभी केवल बड़े प्रोडक्शन हाउसेस के पास हुआ करता था. इसके साथ ही, एआई ने प्री-प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम को इतना तेज कर दिया है कि री-शूट्स की जरूरत बेहद कम हो गई है, जिससे VFX और सेट निर्माण से जुड़े शुरुआती स्तर के कामों और क्रू मेंबर्स की संख्या में भारी कमी दर्ज की जा रही है.

‘फिल्म स्टूडियोज का विकल्प नहीं बन सकता AI’
इस पूरे परिदृश्य पर बात करते हुए रामोजी फिल्म सिटी की डायरेक्टर सोहाना चेरुकुरी ने बेहद महत्वपूर्ण और स्पष्ट बात रखी है. उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से उस फॉर्मेट पर निर्भर करता है जिसके जरिए आप कंटेंट देख रहे हैं, लेकिन सिनेमा कैसे बनाया जाता है और कैसे शूट किया जाता है, यह पूरी तरह से निर्देशक के दृष्टिकोण पर निर्भर करता है. उन्होंने आगे कहा कि हम यहां इस बात को गर्व से दर्शाते हैं कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की विरासत कैसे आगे बढ़ रही है और पिछले 30 वर्षों में हमने कैसे इसका समर्थन किया है.

वे कहती हैं कि आज भी हमारे कई निर्माता और बड़े फिल्ममेकर अपनी फिल्मों को लेकर इतने अधिक पर्टिकुलर हैं कि वे अपनी मूवीज में एआई के जरिए डबिंग कराना तक पसंद नहीं करते. फिजिकल फिल्म स्टूडियोज हमेशा से लार्जर दैन लाइफ यानी भव्य और बेहतरीन फिल्में देने में मदद करते हैं, जिसका विकल्प एआई कभी नहीं बन सकता. एआई कभी भी ओरिजिनल थिंकिंग को रिप्लेस नहीं कर सकता है. एआई की अपनी कई सीमाएं हैं, जो भौतिक रूप से फिल्म बनाने की प्रक्रिया का कभी भी पूर्ण विकल्प नहीं हो सकतीं.
तो क्या फिल्म स्टूडियोज के आस्तित्व पर संकट के बादल?
भले ही एआई ने तकनीकी रूप से काम को आसान बना दिया हो, लेकिन भौतिक फिल्म स्टूडियोज के अस्तित्व पर कोई संकट नहीं है, क्योंकि उनकी कुछ ऐसी खूबियां हैं जिन्हें कोई कंप्यूटर एल्गोरिदम नहीं छू सकता. सबसे बड़ा पहलू मानवीय भावनाएं और वास्तविक अभिनय है. एआई बेशक डिजिटल दृश्य और चेहरे बना सकता है, लेकिन असली कलाकारों के बीच की आपसी केमिस्ट्री, उनके सूक्ष्म हाव-भाव और वास्तविक वातावरण में होने वाली रीयल एक्टिंग की बराबरी कोई सॉफ्टवेयर नहीं कर सकता है. दर्शकों का सिनेमा के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने के लिए हमेशा वास्तविकता और स्टार पावर की जरूरत बनी रहती है.

हाइब्रिड मॉडल और कानूनी सुरक्षा का भरोसा
फिल्म उद्योग में अब एक नया हाइब्रिड मॉडल तेजी से विकसित हो रहा है. नेटफ्लिक्स जैसी वैश्विक कंपनियां और बड़े स्टूडियोज एआई तकनीक को अपनाने के साथ-साथ हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में आधुनिक और भव्य फिजिकल स्टूडियोज का निर्माण भी कर रहे हैं. इसके पीछे एक बड़ा कारण कॉपीराइट और कानूनी सुरक्षा भी है.
एआई से तैयार किए गए कंटेंट में कॉपीराइट, बौद्धिक संपदा और कलाकारों के अधिकारों को लेकर कई तरह की कानूनी जटिलताएं बनी हुई हैं. इसलिए बड़े और सुरक्षित वित्तीय निवेश के लिए फिल्म निर्माता आज भी प्रमाणित स्टूडियो सिस्टम और वास्तविक शूटिंग लोकेशंस पर ही सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं.

मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से क्रिएटिव हब में बदलाव
आने वाले समय में पारंपरिक हिंदी और क्षेत्रीय फिल्म स्टूडियोज की भूमिका पूरी तरह से समाप्त नहीं होगी, बल्कि वे केवल ईंट-गारे और सेट बनाने वाली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से बदलकर एक आधुनिक रचनात्मक केंद्र और बौद्धिक संपदा (IP) हब के रूप में तब्दील हो जाएंगे. स्टूडियोज अब बड़े पैमाने पर मानव-केंद्रित और स्टार-ड्रीवन प्रोजेक्ट्स का मुख्य गढ़ बने रहेंगे.

‘वॉर 2’ या ‘रामायण’ जैसी बड़ी और ऐतिहासिक फिल्मों में वीएफएक्स, डी-एजिंग और एआई तकनीकों का इस्तेमाल लागत घटाने और भव्यता बढ़ाने के लिए जरूर किया जाएगा, लेकिन फिल्म का अंतिम रचनात्मक विजन हमेशा इंसान का ही होगा.
यह भी पढ़ें: Box Office Collection Calculation: कैसे कैलकुलेट होती है फिल्म की कमाई, थिएटर वाले को कितना मिलता है इसमें हिस्सा?
