दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है. दुर्ग के एसटीएफ कॉलोनी में तैनात आरक्षक ललितेश यादव के घर पर शनिवार (25 अप्रैल) सुबह करीब 8 बजे एक महिला ने घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में आरक्षक की पत्नी रानी यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इस घटना में उनकी बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल हो गई है. उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. घटना के दौरान एक अन्य बच्चे नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई.
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
दरअसल, पुलिस ने आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच कथित अवैध संबंध थे. बताया जा रहा है कि महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जहां उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था, लेकिन आपसी विवाद और रंजिश इतनी बढ़ गई कि उसने आज इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया. घटना के बाद पूरे कॉलोनी में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई. स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे.
ये भी पढ़िए- बिलासपुर: रतनपुर थाने के अंदर शिकायतकर्ता से ASI ने की मारपीट, 15-20 थप्पड़ जड़े
आरोपी महिला की पुलिस कर रही पूछताछ
वहीं सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला ने घर में घुसकर महिला और बच्चों पर हमला किया. जिसमें दो की मौत हो गई और एक बच्ची का इलाज जारी है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
ये भी पढ़िए- राम अवतार जग्गी हत्याकांड, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम के बेटे की याचिका पर SC अब 23 को करेगा सुनवाई
