कटनी जिले के इंदिरा नगर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटी की शादी का खुशी भरा माहौल अचानक अफरा-तफरी और दहशत में बदल गया. आरोप है कि कुठला थाना पुलिस ने शादी समारोह में पहुंचकर बारातियों और परिवार के लोगों पर लाठियां बरसा दीं और दूल्हा-दुल्हन को मंडप से उठाकर थाने ले गई.
जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी परसद्दी लाल चौधरी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उन्होंने अपनी सबसे छोटी बेटी ऋचा चौधरी की शादी के लिए करीब 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था. परिवार ने पूरे उत्साह के साथ शादी की तैयारियां की थीं और रिश्तेदारों को भी बुलाया गया था.
8 से 10 पुलिसकर्मी ने लाठियां लेकर किया हमला
परिजनों का आरोप है कि जैसे ही बारात आने वाली थी और महिलाएं स्वागत के लिए खड़ी थीं, तभी अचानक 8 से 10 पुलिसकर्मी लाठियां लेकर पंडाल में घुस आए. बिना किसी चेतावनी के उन्होंने लोगों को मारना शुरू कर दिया. इस दौरान दुल्हन की मां भाग्यवती चौधरी का हाथ भी टूट गया. परिवार का कहना है कि कुछ बाहरी लोग भी पुलिस के साथ थे, जिन्होंने महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा.
ये भी पढ़िए- मध्य प्रदेश: मंत्री प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण पत्र विवाद पर HC सख्त, दिया यह आदेश
पुलिस ने गाली-गलौज के साथ बारातियों को पीटा- आकाश चौधरी
दुल्हन के भाई आकाश चौधरी का आरोप है कि पुलिस ने गाली-गलौज करते हुए बारातियों को पीटा और जबरन गाड़ियों में बैठाकर थाने ले जाने की कोशिश की. विरोध करने पर और ज्यादा मारपीट की गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी नशे में थे और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे. सबसे गंभीर आरोप यह है कि पुलिस दूल्हा-दुल्हन को मंडप से उठाकर थाने ले गई, जिससे शादी की सभी रस्में अधूरी रह गईं. दुल्हन ऋचा का कहना है कि उनके परिवार वालों को बेरहमी से पीटा गया और बिना महिला पुलिसकर्मियों के उनके साथ धक्का-मुक्की की गई. रात करीब 4 बजे उन्हें सड़क पर छोड़ दिया गया, जिसके बाद जल्दबाजी में बिना रस्मों के विदाई करनी पड़ी.
पुलिस ने SC/ST एक्ट के तहत दर्ज किया केस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है. दो सब-इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर किया गया है और कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. हालांकि, परिवार ने आरोप लगाया है कि अभी तक मुख्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों में सिद्धार्थ राय, सौरभ सोनी, सत्येन्द्र सिंह, टीआई राजेंद्र मिश्रा, शिशिर पांडे और मनु सोनी के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज करने की मांग की है.
ये भी पढ़िए- भिंड: लालच में डकैती का ड्रामा! बहू ने खुद रची खौफनाक साजिश, 24 घंटे में झूठी कहानी का पर्दाफाश
